12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur Airport : जोधपुर एयरपोर्ट का नवीन टर्मिनल हुआ संचालित, शेखावत ने प्रथम यात्री चंद्रवीर सिंह को किया रवाना

Jodhpur Airport : जोधपुर एयरपोर्ट के नवीन टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित विमान सेवाओं का शुभारंभ हो गया। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रथम उड़ान के यात्री को टिकट व स्वागत किट प्रदान कर रवाना किया।
2 min read
Google source verification
Jodhpur airport new terminal operational Gajendra Singh Shekhawat flag off first passenger

Jodhpur Airport : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रथम उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट एवं स्वागत किट प्रदान कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। फोटो -@gssjodhpur

Jodhpur Airport : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित किए गए जोधपुर एयरपोर्ट के नवीन टर्मिनल भवन से रविवार को नियमित विमान सेवाओं का शुभारंभ हो गया। नवीन टर्मिनल के संचालन के प्रथम दिवस पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रथम उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट एवं स्वागत किट प्रदान कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। इस अवसर पर नवीन टर्मिनल पर प्रथम उड़ान से आने वाले सभी यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुरूप भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। लंगा-मांगणियार कलाकारों की मनमोहक लोक प्रस्तुतियों, बैंड बाजे की मंगलध्वनि तथा पुष्पगुच्छ के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। नवीन टर्मिनल परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण रहा। इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने यात्रियों के साथ केक काटकर इस गौरवपूर्ण क्षण का उत्सव भी मनाया।

मीडिया से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से जोधपुर एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण एवं नवीन टर्मिनल के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे थे। अनेक चुनौतियों एवं बाधाओं के बावजूद आज यह संकल्प पूर्णता तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से 4 जुलाई को लोकार्पित नवीन टर्मिनल से आज नियमित विमान सेवाओं का संचालन प्रारंभ होना जोधपुर एवं समूचे मारवाड़ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

शेखावत ने कहा कि उद्घाटन के अवसर पर किए गए वादे के अनुरूप 12 जुलाई से नियमित विमान सेवाएं प्रारंभ कर दी गई हैं। सूर्योदय के साथ ही नवीन टर्मिनल से परिचालन शुरू होना इस बात का प्रतीक है कि जोधपुर अब आधुनिक नागरिक उड्डयन सुविधाओं के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

टर्मिनल, जोधपुर की नई पहचान बनेगा

शेखावत ने कहा कि नवीन टर्मिनल से यात्रा करने वाले यात्रियों के उत्साह और संतोष को देखकर यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि जोधपुर आने और यहां से जाने वाले प्रत्येक यात्री को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ शहर की समृद्ध संस्कृति एवं आत्मीयता का अनुभव होगा। यह टर्मिनल जोधपुर की नई पहचान और बढ़ती विकास यात्रा का सशक्त प्रतीक बनेगा।

यात्रियों की संख्या 10 गुना से अधिक बढ़ी

शेखावत ने कहा कि वर्ष 2014 की तुलना में आज जोधपुर एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या दस गुना से अधिक बढ़ चुकी है तथा विमान परिचालन में भी लगभग दस गुना वृद्धि हुई है। आज जोधपुर देश के अधिकांश प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क स्थापित कर चुका है तथा शीतकालीन पर्यटन सत्र के दौरान इसकी कनेक्टिविटी और अधिक व्यापक हो जाती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के निरंतर विस्तार के साथ आने वाले वर्षों में जोधपुर की हवाई संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक होगी।

नागरिक उड्डयन संग रेल-सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में जोधपुर ने की प्रगति

शेखावत ने कहा कि बीते वर्षों में नागरिक उड्डयन के साथ-साथ रेल एवं सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भी जोधपुर ने उल्लेखनीय प्रगति की है। नई रेल सेवाओं, आधुनिक रेलवे अधोसंरचना, फोरलेन सड़कों, एलिवेटेड रोड एवं बाईपास जैसी विकास परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान की है, जिससे आमजन एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इस अवसर पर शहर विधायक अतुल भंसाली, राजेन्द्र पालीवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग