कांकेर

New Bank Branch: इस जिले में 31 मार्च तक खुलेंगी 5 नई बैंक शाखाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग विस्तार

New Bank Branch: कांकेर जिले में 31 मार्च तक पांच नई बैंक शाखाएं शुरू की जाएंगी। प्रशासन द्वारा चयनित भवनों में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

2 min read
Feb 17, 2026
पांच नई बैंक शाखाएं (photo source- Patrika)

New Bank Branch: कांकेर जिले में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के तहत 31 मार्च तक पांच नए बैंकों की शाखाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए चयनित भवनों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम कोड़ेकुर्से में यश बैंक, भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत नारायणपुर में फेडरल बैंक, नरहरपुर विकासखंड के देवगांव में फेडरल बैंक, कोयलीबेड़ा विकासखंड के छोटेबेठिया में ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक तथा अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम भैंसासुर में ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखाएं खोली जाएंगी।

ये भी पढ़ें

Rural Banking Expansion in CG: छत्तीसगढ़ में बदल रहा बैंकिंग का भूगोल, गांव और कस्बे बने नए फाइनेंशियल हब, देखें स्पेशल रिपोर्ट

New Bank Branch: सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

इन सभी शाखाओं को 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से प्रारंभ करने के लिए संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों को कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने निर्देशित किया है। नए बैंक खुलने से दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए बैंकों के लिए आवश्यक भवन, विद्युत, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने संबंधित जनपद सीईओ को भी आवश्यक समन्वय कर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, टीना शेड, बाउंड्रीवॉल, देवगुड़ी सहित अन्य कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए। बस्तर विकास प्राधिकरण तथा सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त जन्म-मृत्यु पंजीयन, कौशल विकास, अविवादित नामांतरण, बंटवारा प्रकरण तथा जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ तथा नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की संभावनाओं पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

New Bank Branch: कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण तथा गो हार्वेस्ट एफपीओ के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केन्द्र कांकेर में कृषि उत्पाद प्रसंस्करण एवं खाद्य निर्यात विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और निर्यात की संभावनाओं संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।

केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बीरबल साहू ने कांकेर जिले में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोडऩे की आवश्यकता बताई। एपिडा के एसोसिएट क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर से अशोक कुमार बोरा ने छत्तीसगढ़ में कृषि उत्पादों के निर्यात अवसरों एवं एपिडा की भूमिका की जानकारी दी।

केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. नरेन्द्र हरिदास तायड़े ने प्रसंस्करण तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, मूल्य संवर्धन और विपणन नीति पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में गो हार्वेस्ट एफपीओ के डायरेक्टर छबीलाल नाग, सीईओ कु. अर्चना सिन्हा सहित ग्राम पुसवाड़ा, अंजनी, पटोली, दसपुर, गोवर्धन एवं गढ़पिछवाड़ी के लगभग 60 कृषक उपस्थित रहे।

Updated on:
17 Feb 2026 04:38 pm
Published on:
17 Feb 2026 04:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर