Kanker IED Blast: कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट में शहीद हुए DRG के चार जवानों को नारायणपुर पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई, जहां गार्ड ऑफ ऑनर के बीच भावुक माहौल में सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
Kanker IED Blast: छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट में शहीद हुए DRG के चार जवानों को रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। नारायणपुर पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में तिरंगे में लिपटे वीर सपूतों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान परिजनों, ग्रामीणों और सुरक्षाबलों की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल गमगीन हो उठा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 2 मई को DRG (District Reserve Guard) की टीम छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया IED मिला, जिसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर तीन जवान मौके पर ही शहीद हो गए।
घटना में घायल एक अन्य जवान कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया था। उन्हें देवेंद्र नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हमले में कुल चार जवान शहीद हो गए।
रविवार को शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को नारायणपुर पुलिस लाइन में लाया गया, जहां उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग नारायणपुर पुलिस लाइन पहुंचे। परिजन और ग्रामीण अपने वीर सपूतों को आखिरी बार देखने पहुंचे, जहां भावुक दृश्य देखने को मिले। हर आंख नम थी और वातावरण “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
श्रद्धांजलि के बाद शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर बस्तर क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों की गंभीरता को सामने ला दिया है। हालांकि, इन वीर जवानों की शहादत ने देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया है।
इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी
कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा
कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले
कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम