
रेत माफियाओं पर कांग्रेस विधायक का छापा (photo source- Patrika)
Sand Mine Raid: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के बाद अब चरामा ब्लॉक के हराडूला इलाके में अवैध रेत खनन की सूचना मिलने पर विधायक सावित्री मंडावी ने रविवार देर रात खुद खदान पहुंचकर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते कई वाहन पकड़े गए। मौके से पांच हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की गई है।
विधायक सावित्री मंडावी ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायत मिल रही थी कि हराडूला क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन देर रात किसी भी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद विधायक खुद मौके पर पहुंचीं और वहां चल रहे अवैध खनन का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मौके पर कई वाहन अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते पाए गए।
विधायक मंडावी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में वाहनों और मशीनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
विधायक सावित्री मंडावी ने साफ कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित रेत उत्खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैध खनन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया लगातार सक्रिय हैं। रात के समय नदियों से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, जिसके कारण रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
बता दें कि कांकेर जिले में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा लगातार उठता रहा है। खासकर भानुप्रतापपुर और चरामा क्षेत्र की नदियों में रात के समय रेत माफियाओं द्वारा मशीनों और भारी वाहनों के जरिए अवैध खनन किए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद अवैध उत्खनन बंद नहीं हो रहा और रेत माफिया प्रशासनिक निगरानी से बचकर लगातार सक्रिय हैं।
Updated on:
08 Jun 2026 07:37 pm
Published on:
08 Jun 2026 07:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
