
यहां पहली बार गांव पहुंचीं विधायक सावित्री मंडावी (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: कांकेर जिले के अति सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोड़े पंचायत के सुभानी खेड़ेगांव में आजादी के बाद पहली बार विधायक सावित्री मंडावी का दौरा हुआ। ग्रामीण उनके आगमन पर अत्यंत उत्साहित और भावुक हो उठे। नदी-नालों और कठिन रास्तों से घिरे इस क्षेत्र में अब तक न कोई विधायक और न कोई सांसद पहुंचा था। ग्रामीणों ने इसे अपने गांव के इतिहास में ऐतिहासिक क्षण बताया और उत्सव की तरह स्वागत किया।
विधायक से मिलने के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि विकास के नाम पर यह क्षेत्र अभी भी काफी पिछड़ा हुआ है और शासन-प्रशासन की योजनाओं का पूरा लाभ यहां तक नहीं पहुंच पाया। विधायक सावित्री मंडावी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका निराकरण करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर "जय सेवा युवा कबड्डी प्रतियोगिता" का समापन समारोह भी आयोजित किया गया। विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनेश नरेटी ने कहा कि विधायक का आगमन गर्व का विषय है और इससे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जगी हैं। जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ाई ने बताया कि यह दौरा ग्रामीणों के लिए हर्ष और गर्व का अवसर है।
विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि, जनपद सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक के इस ऐतिहासिक दौरे ने सुभानी खेड़ेगांव में विकास की नई आशा जगाई।
ग्रामीणों का कहना है कि आज का दिन उनके गांव के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा और आने वाले समय में विकास की नई दिशा सुनिश्चित होगी। ग्रामीणों ने इसे अपने लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण बताया।
Published on:
02 Mar 2026 06:53 pm
बड़ी खबरें
View Allकांकेर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
