
कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में हुए नवजात के जन्म के बाद परिवार वालो को पता चला की बच्चे के दोनों हाथ फैक्चर है। जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में महिला को सुरक्षित प्रसव के लिए भर्ती कराना एक परिवार को मंहगा पड़ गया। अस्पताल के डाक्टर ने ऑपरेशन करने की बात कही तो परिजन तैयार तो गए, लेकिन नवजात के जन्म के बाद पता चला कि दोनों हाथों में फैक्चर है।
वहीं, डाक्टरों ने नवजात को पीलिया पीडि़त बताकर बेहतर इलाज के लिए धमतरी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने धमतरी के जिला अस्पताल में नवजात को भर्ती कराए तो दोनों हाथ में फैक्चर और पीलिया की जानकारी मिली।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से नवजात का यह हाल हुआ है। ऑपरेशन करने के बाद भी बच्चे को सुरक्षित नहीं रखा गया। प्रबंधन अब अपनी गलती छुपाने के लिए गोलमोल जवाब दे रहा है। कोंडागांव विश्रामपुरी रावसवाही निवासी तेज नायक ने बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी अनतीमा नायक को प्रसव के लिए कांकेर के एक निजी अस्पताल में 5 जून 2018 को सुबह 4 बजे भर्ती कराए।
नवजात को जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया तो डाक्टर ने बताया कि दोनों हाथों में फैक्चर के साथ उसे पीलिया भी है। धमतरी के डाक्टर के पूछे जाने पर ऑपरेशन में प्रसव के समय नवजात बच्चे को ज्यादा खींच देने के कारण उसका हाथ फैक्चर होने की बात कही गई। ऐसा बताने पर बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नायक ने कहा कि डाक्टर द्वारा बताए जाने पर पूरी कहानी समझ में आ गई थी, नवजात की मां निजी अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल की लापरवाही के कारण उसके भाई के पुत्र की गंभीर हालत हुई है। तेज नायक ने शनिवार को कोतवाली थाना में ज्ञापन सौंपकर अस्पताल संचालक पर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर दुलेश्वर भारती, योगेंद्र नायक, लोकनाथ आदि उपस्थित थे।
परिजनों ने बताया कि उपचार के लिए अस्पताल में स्मार्ट कार्ड का उपयोग नहीं किया गया है। इलाज के एवज में 24 हजार रुपए नकद अस्पताल प्रबंधन में जमा कराया है। बताया गया कि शनिवार को प्रसव पीडि़ता को छुट्टी दे दी गई है। सूत्रों की माने तो इस अस्पताल में एबबीएस डाक्टर ही उपचार करते हैं। सर्जरी के लिए एक भी विशेषज्ञ नहीं हैं।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मरीज के भर्ती के बाद मरीज के तकलीफ को देखकर धमतरी से काल कर एक महिला डाक्टर को बुलाया गया था, जिसके द्वारा सर्जरी किया गया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा प्रसव कराने में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने की बात कही गई है। सुबह चार बजे महिला को भर्ती कराया गया और 6.36 बजे ऑपरेशन हुआ।
मदर मेरी अस्पताल के मेडिकल अधिकारी, डॉ. रामेश्वर पंकज ने बताया प्रसव में किसी प्रकार लापरवाही नहीं बरती गई है। डिलवरी के दूसरे दिन सुबह जांच के दौरान मां व बच्चा दोनों ठीक थे। ऑपरेशन के लिए धमतरी की एक डाक्टर को बुलाया गया था।