
पखांजूर. गरीबों के लिए शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरुरतमंदों को नहीं मिल रहा है। बहुप्रतीक्षित प्रधानमंत्री आवास के लिए गरीब पात्र हितग्राही भटक रहे हैं। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले हितग्राही कभी जनपद तो कभी जिला पंचायत में आवेदन जमा करने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। बावजूद सर छुपाने के लिए एक प्रधानमंत्री आवास का सपना पूरा नहीं हो रहा है।
परलकोट गांव में झोपड़ी झूग्गी में रहने वालों का नाम भी प्रधानमंत्री आवास की सूची में नहीं जोड़ा गया है। मजे की बात है कि विधायक गोद गांव ऐसेबेड़ा की हालत और खराब है। एक परिवार तो वर्षों से झोपड़ी में रात गुजार रहा है, इस गरीब को भी पीएम आवास नहीं मिला।
ऐसेबेड़ा के आश्रित गांव पीव्ही 15 गोविंदपुर निवासी गोदाई पाल पिता परिमल पाल के पास तो भवन ही नहीं है। गरीब परिवार मजदूरी कर पेट पाल रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद भी इस पात्र हितग्राही के प्रति न तो प्रशासन ध्यान दे रहा न ही जनता की सेवा करने का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों की नजर झोपड़ी पर जा रही है।
इस बारिश के मौसम में तो गरीबों की झोपड़ी में पानी टपक रहा है। हल्की हवा में तो झोपड़ी उड़ जाती है। मजदूरी कर पेट भरने वाले गरीबों को भवन संबंधी यहां सुविधाएं नहीं मिल रही है।
जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीबी रेखा वाले हर परिवार को एक भवन देने का आश्वासन दिया गया था। आवेदन-निवेदन के बाद भी न तो गरीबों का घर बना न ही अब उम्मीद है। प्रशासन के नियमावली में नीला राशन कार्ड एवं एक रुपए में चावल प्राप्त करने वाला हर परिवार पीएम आवास के लिए पात्रता की श्रेणी में था। अब इस क्षेत्र के गरीब अपने आप को कोष रहे कि काश भगवान गरीब नहीं बनाया होता तो शासन- प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के यहां एक भवन के लिए हाथ नहीं फैलाना पड़ता। ग्राम पंचायत सरपंच व सचिव से फरियाद कर गरीब थक चुके हैं।