कांकेर

भीषण गर्मी में बिजली संकट! कांकेर के कई गांव 2 दिनों से अंधेरे में, पानी के लिए भटक रहे लोग

Power Shutdown: Power Shutdown: कांकेर के चारामा क्षेत्र के कई गांव पिछले दो दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से पेयजल संकट गहरा गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
2 min read
May 07, 2026
भीषण गर्मी में बिजली संकट! कांकेर के कई गांव 2 दिनों से अंधेरे में, पानी के लिए भटक रहे लोग(Photo-patrika)
भीषण गर्मी में बिजली संकट! कांकेर के कई गांव 2 दिनों से अंधेरे में, पानी के लिए भटक रहे लोग(Photo-patrika)

Power Shutdown: छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। पिछले दो दिनों से 4 से 5 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली नहीं होने से सबसे ज्यादा संकट पेयजल व्यवस्था पर गहराया है और ग्रामीणों को पानी के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है।

Power Shutdown: आंधी-तूफान के बाद से बंद पड़ी बिजली

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान और बारिश हुई थी। इसके बाद गिरहोला, नवागांव, चारभाटा, सिरसिदा समेत कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं हो सकी है।

गर्मी में बढ़ी परेशानी, पानी के लिए जद्दोजहद

भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से गांवों में बोरवेल और मोटर पंप भी ठप हो गए हैं। इससे पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है।

जनरेटर के सहारे भर रहे पानी

कुछ ग्रामीणों ने मजबूरी में जनरेटर की व्यवस्था कर बोर कनेक्शन से पानी भरने की कोशिश की। हालांकि हर परिवार जनरेटर का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है। ऐसे में अधिकांश लोग गांव के हैंडपंपों पर निर्भर हो गए हैं।

सुबह 4 बजे से लग रही लंबी कतारें

गांवों के हैंडपंप अब लोगों के लिए एकमात्र सहारा बन गए हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह 4:30 बजे से ही पानी भरने के लिए महिलाओं और बच्चों की लंबी लाइन लग रही है। लगातार उपयोग और भीषण गर्मी के कारण कई हैंडपंपों का जलस्तर भी प्रभावित होने लगा है।

ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारी कॉल रिसीव नहीं कर रहे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी मुश्किलें

बिजली नहीं होने से गांवों में रात के समय अंधेरा छाया हुआ है। गर्मी और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों की हालत ज्यादा खराब हो रही है। पंखे और कूलर बंद होने से लोग रातभर जागने को मजबूर हैं।

जल्द बिजली बहाल करने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

गांवों में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार बढ़ रही समस्याओं के कारण ग्रामीणों में विभागीय लापरवाही को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि हर बार आंधी या बारिश के बाद घंटों और दिनों तक बिजली गुल रहना अब आम समस्या बन चुकी है।

Updated on:
07 May 2026 03:19 pm
Published on:
07 May 2026 11:00 am