कांकेर

तीरथगढ़ जलप्रपात के पास युवती की मिली अधजली लाश, रेप के बाद हत्या की आशंका

अज्ञात ने यह वारदात 9 से 10 मई की दरम्यानी रात अंजाम दिया है

2 min read
May 21, 2018

जगदलपुर . दरभा थाना क्षेत्र के तीरथगढ़ जलप्रपात जाने वाले मार्ग के किनारे गुरूवार की सुबह एक अज्ञात युवती की नग्र व अधजली अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने लाश देखने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके से बरामद लाश को देखकर युवती के साथ रेप करने और उसकी हत्या की आशंका है। पहचान छुपाने उसके चेहरे व शरीर के अन्य अंगों को जला दिया गया है। अज्ञात ने यह वारदात 9 से 10 मई की दरम्यानी रात अंजाम दिया है।

तीरथगढ़ कोटवार पारा में रहने वाले खगपति राम ने सबसे पहले पुलिस को सड़क किनारे युवती के लाश मिलने की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ही मामले की जानकारी विभाग के आला अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर केशलूर एसडीओपी यूलेंडन यार्क व फारेंसिक एक्सपर्ट पहुंचे। घटना स्थल को देखने के बाद अफसर रेप और मर्डर जैसी घटना से इंकार नहीं कर रहे हैं। एसडीओपी यूलेंडन यार्क ने बताया कि प्रारंभिक जांच से युवती की मौत घटना स्थल पर नहीं हुई है।

उसका मर्डर अन्य किसी स्थान पर हुआ है, तथा शव को उठाकर सड़क किनारे फेंका गया है। इसके अलावा युवती के चेहरे को भी बुरी तरह जलाया गया है। ऐसे में प्रतीत हो रहा है कि यह उसकी पहचान छिपाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि युवती के शव को पीएम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगा कि उसके साथ रेप हुआ है या नहीं। इसके अलावा किस तरह उसकी हत्या की गई है इसका पता चल सकेगा। इधर दरभा थाना प्रभारी ने शुक्रवार की शाम जानकारी दी कि अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

हाथ में मिला अंग्रेजी में लिखा टैटू
पुलिस ने जिस युवती का शव बरामद किया है, उसकी पहचान नहीं हो पाई है। ऐसे में उसके हाथ में अंग्रेजी में बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। अफसरों का कहना है कि मृतिका की उम्र लगभग 30 वर्ष होगी। देखने पर उसके ग्रामीण क्षेत्र से होने की उम्मीद कम है। फिर भी पुलिस आसपास के सभी गांवों में उसकी शिनाख्ती के लिए मुनादी करवा रही है।

Published on:
21 May 2018 05:02 pm
Also Read
View All