आरोपी की पत्नी बोली- अक्सर लड़की का पिता मेरे पति को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था।
कन्नौज. जिले के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रिश्तों को तार-तार करते हुए सगे चाचा ने अपनी 11 साल की मासूम भतीजी को हवस का शिकार बना डाला। चाचा ने दो दिन पहले मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म किया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिले के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रिश्तों को तार-तार करते हुए सगे चाचा ने अपनी 11 साल की मासूम भतीजी को हवस का शिकार बना डाला।
कन्नौज जिले के थाना विशुनगढ़ के गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 11 वर्षीय पुत्री प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। गुरुवार देर शाम वह घर पर मौजूद थी। देर रात उनके भाई सतीश जाटव ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके चंगुल से निकलने के बाद शनिवार सुबह पुत्री ने घटना की जानकारी दी। चाचा के दुष्कर्म करने की बात जल्द लोगों के बीच पहुंच गई। इसके बाद पंचायत का दौर शुरू हो गया। कई घंटे पंचायत चली पर निष्कर्ष नहीं निकला।
शनिवार शाम को मामले की तहरीर दी। किशोरी से दुष्कर्म की बात सामने आने पर पुलिस ने आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर आरोपी चाचा सतीश को हिरासत में ले लिया। वहीं किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए नगला दिलू स्थित 100 शैय्या अस्पताल भेज दिया। सूचना मिलने पर सीओ श्रीकांत प्रजापति मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी व पीडि़ता के पिता से मामले की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। जिस दिन की घटना बताई जा रही है, उस दिन आरोपी किसी काम से बाहर होने का हवाला दे रहा है। सभी बिंदुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पति को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने का आरोप
पुलिस गिरफ्त में मौजूद आरोपी की पत्नी ने थाने में बताया कि पीडि़ता के साथ वारदात को उसके पिता द्वारा अंजाम देने की बात कही। उसने कहा कि वह अक्सर उसके पति को दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था। उसके पति ने इस प्रकार की कोई घटना नहीं की है। पुलिस को पति घर पर सोते हुए मिले। वारदात को अंजाम देने के बाद कोई घर पर नहीं रहता है। इससे पुलिस भी सोचने को मजबूर हो गई है।