4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Emotional Story: वृद्धाश्रम की मां ने जन्मदिन पर दिया मुड़ा-तुड़ा नोट, देखते ही मंत्री की आंखों में छलक आए आंसू

Birthday Gift: कन्नौज के वृद्धाश्रम में जन्मदिन मनाने पहुंचे दंपती को बुजुर्ग मां ने आशीर्वाद संग मुड़ा-तुड़ा नोट दिया, जिसे देखकर उनकी आंखें भर आईं।
5 min read
Google source verification
वृद्धाश्रम की बुजुर्ग मां ने कांपते हाथों से जेब में रखी पर्ची, साथ में था मुड़ा-तुड़ा नोट; रात में खोला तो छलक उठीं आंखें (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )

वृद्धाश्रम की बुजुर्ग मां ने कांपते हाथों से जेब में रखी पर्ची, साथ में था मुड़ा-तुड़ा नोट; रात में खोला तो छलक उठीं आंखें (फोटो सोर्स :file photo, Ritesh Singh )

Emotional Story Birthday Gift: जन्मदिन पर मिलने वाले उपहार अक्सर खुशी देते हैं, कुछ यादगार बन जाते हैं और कुछ समय के साथ जिंदगी की खूबसूरत यादों में शामिल हो जाते हैं। लेकिन कन्नौज के एक वृद्धाश्रम में जन्मदिन और विवाह की वर्षगांठ के अवसर पर मिली एक छोटी सी भेंट ने उस दिन को ऐसी याद में बदल दिया, जिसे शायद जिंदगी भर भुलाया नहीं जा सकेगा। यह भेंट किसी दुकान से खरीदी हुई नहीं थी, न ही इसे किसी चमकदार कागज में लपेटकर दिया गया था। यह एक बुजुर्ग मां का आशीर्वाद था, जो कांपते हाथों से लिखी एक छोटी सी पर्ची और उसके साथ रखे मुड़े-तुड़े नोट के रूप में मिला।

जन्मदिन और विवाह की वर्षगांठ को बनाया खास

अपने जन्मदिन और विवाह की वर्षगांठ के खास अवसर पर उन्होंने अपनी पत्नी ज्योत्स्ना के साथ इस दिन को अलग अंदाज में मनाने का फैसला किया। दोनों ने तय किया कि खुशी का यह अवसर अपने तक सीमित रखने के बजाय उन वरिष्ठ जनों के साथ साझा किया जाए, जिन्हें इस समय अपनेपन और साथ की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसी सोच के साथ दोनों कन्नौज के वृद्धाश्रम पहुंचे।

वृद्धाश्रम पहुंचकर उन्होंने वहां रह रहे सभी बुजुर्गों के साथ समय बिताया। उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई, फल भेंट किए गए और अपने हाथों से लड्डू खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। जन्मदिन और विवाह की वर्षगांठ की खुशी बुजुर्गों के बीच बांटते हुए माहौल आत्मीयता से भर गया। चेहरे पर मुस्कान थी और बुजुर्गों की आंखों में अपनों के साथ होने का भाव साफ दिखाई दे रहा था।

सम्मान के बीच जेब में रख दी छोटी सी पर्ची

कार्यक्रम के दौरान जब सभी वरिष्ठ जनों का सम्मान किया जा रहा था, तभी एक बुजुर्ग मां धीरे से उनके पास आईं। उन्होंने कांपते हाथों से उनके कुर्ते की जेब में एक छोटी सी मुड़ी हुई पर्ची रख दी। उस समय कार्यक्रम की व्यस्तता और भीड़ के बीच उस पर्ची पर ध्यान नहीं गया।

बुजुर्ग मां ने बस इतना कहा- “यह मेरी तरफ से, बेटा…”

शब्द छोटे थे, लेकिन उनमें ममता की गहराई बहुत बड़ी थी। शायद वह मां अपने पास मौजूद किसी बड़ी चीज को भेंट करने की स्थिति में नहीं थीं, लेकिन अपनेपन का जो भाव उन्होंने दिया, उसकी कोई कीमत तय नहीं की जा सकती।

रात में खुला जेब का राज

दिनभर के कार्यक्रम के बाद जब रात करीब 10 बजे दोनों कमरे में लौटे तो दिनभर की व्यस्तता के बीच मिले उस कागज का ध्यान अचानक आया। कुर्ता उतारते समय जेब में कुछ रखा होने का एहसास हुआ। हाथ जेब तक पहुंचा तो वही मुड़ी हुई पर्ची बाहर निकली। पर्ची खोली गई तो उस पर थरथराते हाथों से जन्मदिन के लिए ढेर सारा आशीर्वाद लिखा था। 

पर्ची के साथ एक मुड़ा-तुड़ा नोट भी लिपटा हुआ था। उस क्षण यह भेंट महज एक नोट या कागज का टुकड़ा नहीं रह गई। वह एक माँ की ममता, उसके स्नेह और अपनेपन की निशानी बन चुकी थी। उस दृश्य ने आंखें नम कर दीं। दिनभर की भागदौड़ के बीच जिस छोटी सी भेंट पर ध्यान नहीं गया था, रात के सन्नाटे में वही सबसे अनमोल उपहार बनकर सामने खड़ी थी।

‘वह नोट नहीं, उस मां का कलेजा था’

उस बुजुर्ग मां के बारे में सोचते हुए मन में कई सवाल उठने लगे। आखिर उनके अपने कहां हैं? किन परिस्थितियों ने उन्हें वृद्धाश्रम तक पहुंचाया? किन मजबूरियों ने उन्हें अपनों से दूर कर दिया? और इन तमाम सवालों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह था कि जब खुद उस मां को किसी सहारे की जरूरत है, तब भी उनके भीतर किसी को अपना बेटा मानकर उसे आशीर्वाद देने की ममता कहां से आती है? वह मुड़ा-तुड़ा नोट आर्थिक रूप से भले ही छोटा रहा हो, लेकिन भावनाओं के लिहाज से वह अनमोल था। वह नोट नहीं, उस मां का कलेजा था। उसमें उसकी बची-खुची जमा पूंजी से कहीं ज्यादा उसका स्नेह, अपनापन और आशीर्वाद समाया हुआ था।

महंगे उपहार भी पड़ गए छोटे

जन्मदिन पर मिलने वाले महंगे उपहार, फूल और दूसरे तोहफे अपनी जगह होते हैं, लेकिन उस बुजुर्ग मां की भेंट ने उपहारों के मायने ही बदल दिए। बाजार में हर चीज की कीमत तय की जा सकती है, लेकिन किसी मां के आशीर्वाद की कोई कीमत नहीं होती। इस भेंट ने यह एहसास कराया कि देने के लिए बहुत कुछ होना जरूरी नहीं है। कई बार किसी के पास देने के लिए केवल कुछ शब्द, थोड़ी सी ममता और एक छोटा सा नोट होता है, लेकिन वही चीज जिंदगी की सबसे बड़ी दौलत बन जाती है।

इस उपहार का कोई रिटर्न गिफ्ट नहीं

रात के सन्नाटे में उस पर्ची और नोट को देखकर मन भावनाओं से भर उठा। एक तरफ उस मां की परिस्थितियों का दर्द था तो दूसरी तरफ उनके भीतर जिंदा ममता ने मन को छू लिया। यह एहसास भी हुआ कि रिश्ते हमेशा खून के नहीं होते। कभी-कभी कुछ पल का अपनापन भी ऐसा रिश्ता बना देता है, जो उम्र भर याद रहता है। जन्मदिन और विवाह की वर्षगांठ पर मिला यह उपहार शायद जिंदगी का वह तोहफा है, जिसका कोई रिटर्न गिफ्ट नहीं बनाया जा सकता। उस मां ने जो दिया, वह वापस नहीं किया जा सकता, क्योंकि मां के आशीर्वाद का कोई मूल्य नहीं होता। यह घटना केवल एक जन्मदिन की कहानी नहीं, बल्कि उस ममता की कहानी है, जो परिस्थितियों से बड़ी होती है। एक वृद्धाश्रम की बुजुर्ग मां ने अपनी छोटी सी भेंट के जरिए यह याद दिला दिया कि दुनिया में सबसे अनमोल चीज पैसा या उपहार नहीं, बल्कि किसी के दिल में आपके लिए पैदा हुआ सच्चा अपनापन है।

समाज कल्याण राज्य मंत्री का भावुक पल 

उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अपने जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ के खास अवसर पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने मन की बात लोगों के साथ साझा की। असीम अरुण ने पोस्ट में उस भावुक क्षण का भी जिक्र किया, जब एक बुजुर्ग मां ने सम्मान के दौरान उनके कुर्ते की जेब में चुपचाप एक मुड़ी हुई पर्ची रख दी और कहा-“यह मेरी तरफ से, बेटा।” रात में जब उन्होंने पर्ची खोली तो उसमें जन्मदिन का आशीर्वाद और एक मुड़ा-तुड़ा नोट था। इस छोटी सी भेंट ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने लिखा कि वह नोट नहीं, बल्कि उस मां का स्नेह और ममता थी, जिसके सामने दुनिया के महंगे उपहार भी फीके हैं।