
Kannauj road accident Thar collision: कन्नौज में तेज रफ्तार थार ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। इंदरगढ़ इलाके में एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों को सामने से आ रही थार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे। हादसे में 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद थार चालक बिना रुके वहां से भाग निकला।
मृतकों की पहचान अगौस गांव के मनीष कुमार (28), वेद प्रकाश (40) और विजय (35) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान आशीष कुमार है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हायर सेंटर भेजा गया है। हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में रात करीब 11:20 बजे हुआ।
जानकारी के मुताबिक, आगौस गांव निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार अपनी बाइक से गांव के ही दोस्त 28 वर्षीय मनीष कुमार, वेदप्रकाश और 30 वर्षीय आशीष कुमार के साथ इंदरगढ़ के विशेनेपुर्वा गांव जा रहे थे। उनकी बाइक कचाटीपुर गांव में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आ रही थार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास थी। तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को सामने से ऐसी टक्कर मारी कि चारों सवार उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक बुरी तरह टूट गई। सड़क पर युवकों को लहूलुहान पड़ा देखकर वहां से गुजर रहे लोग रुक गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने युवकों को सड़क से हटाकर किनारे किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस लेकर पहुंची और चारों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। चौथे की हालत चिंताजनक होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने या घायलों की मदद करने की कोशिश नहीं की। वह थार लेकर मौके से निकल गया। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए वाहन का पता लगाने में जुटी है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घायल युवक की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।