ट्रेलर व ट्रैक्टर में आगे निकलने की चल रही थी होड़, फिर हुआ एेसा हादसा, बिखर गई लाशें
कन्नौज. कन्नौज में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में एक घायल की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसा ट्रेलर व ट्रैक्टर के बीच ओवरटेक करने की होड़ में हुआ। इसकी कीमत दो लोगों ने जान देकर गंवाई । ट्रैक्टर और ट्रेलर के बीच फंसे लोगों को कड़ी मशक्क्त के बाद निकाला जा सका। जिसके बाद सभी को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भेजा गया।
ऐसे हुआ हादसा
ग्रामीणों की माने तो कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के पंखर पुर बरेवा गांव के निवासी पच्चीस वर्षीय रिजवी खान परिवार की महिला तकदीरन बेगम को कानपुर के अरौल से दवा दिला कर वापस लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य बुजुर्ग हबीब खान भी थे। इसी बीच सुर्सी चौकी क्षेत्र के बरेवा गांव मोड़ के ट्रैक्टर और मिट्टी से भरे ओवर लोड ट्रेलर में ओवरटेक करने की होड़ में बाइक सवार तीनों बीच में फंस गए। ट्रैक्टर व ट्रेलर पलटने से चपेट में आकर रिजवी व तकदीरन की मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार हबीब गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
इस मार्ग पर ओवरटेक बना खेल
मकनपुर-सुर्सी-विषधन मार्ग पर रोजाना ट्रैक्टर, डंपर व ट्रकों के बीच ओवरटेक करने को लेकर रोजाना कोई न कोई हादसा हो जाता है। आसपास के लोगों के मुताबिक कई बार तेज रफ्तार व ओवरटेक करने को लेकर हादसे हो चुके है फिर भी इन पर कोई अंकुश नहीं लगता है।
गुरुवार दोपहर में हुए हादसे में फखरपुर वेरवा गांव निवासी रिजवी खान उर्फ बड़े लल्ला व इनकी दादी तकदीरन की मौत हो गई और हादसा सिर्फ ट्रेलर व ट्रैक्टर के बीच ओवरटेक करने की होड़ के कारण हुआ। हादसे में दोनों की मौत होने से परिजन पहुंचे और जैसे ही दोनों शवों को देखा तो मृतक रिजवी के पिता इसरार व पत्नी जरीना बेगम बेहोश होकर रोड पर गिर गई। इससे वहां पर मौजूद लोगों ने दोनों को होश में लाया और निजी डॉक्टर से प्राथमिक उपचार भी कराया।
टल सकता था हादसा
घायल हबीव ने ट्रेलर व ट्रैक्टर के बीच ओवरटेक को देख बाइक रोकने की बात कही। रिजवी ने बाइक को धीमा किया लेकिन कुछ रास्ता मिलने पर साइड देकर निकलने की कोशिश की थी। हबीव ने बताया कि अरौल से वापस आते वक्त मकनपुर के पास कुछ इंतजार करने की बात कही थी लेकिन रिजवी नहीं रुका और सर्दी के कारण जल्दी घर पहुंचने की बात कहकर चलता रहा। उसका मानना था कि अगर कुछ देर रुक जाते तो शायद हादसा टल जाता।