कानपुर

नगर निगम : नामांतरण पर लगेगा सर्किल रेट का एक फीसदी शुल्क

कानपुर नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ा झटका दिया है. बताया गया है कि अब किसी भी संपत्‍ति का नामांतरण कराने पर आवेदक को डीएम सर्किल रेट का एक फीसदी शुल्‍क देना होगा.
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 1:01 PM IST
kanpur
नगर निगम : नामांतरण पर लगेगा सर्किल रेट का एक फीसदी शुल्क

कानपुर। कानपुर नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ा झटका दिया है. बताया गया है कि अब किसी भी संपत्‍ति का नामांतरण कराने पर आवेदक को डीएम सर्किल रेट का एक फीसदी शुल्‍क देना होगा.

नई व्‍यवस्‍था की जाएगी लागू
इस क्रम में नई व्‍यवस्‍था नगर निगम सदन की अनुमति मिलते ही लागू कर दी जाएगी. नगर निगम कार्यकारिणी ने नामांतरण शुल्‍क बढ़ाने पर मंगलवार को फिलहाल अपनी स्‍वीकृति दे दी. इतना ही नहीं, इसके अलावा नगर नगिम कार्यकारिणी ने कई अन्‍य महत्‍वपूर्ण फैसले भी लिए.

बताया गया है ऐसा
बताया गया है कि अभी तक नगर निगम की ओर से किसी भी तरह का नाम बदलवाने पर नामांतरण शुल्‍क 200 से दो हजार रुपये तक अलग-अलग स्‍लैब में लिया जाता था. वहीं लखनऊ समेत अन्‍य नगर निगमों में 2012 से ही डीएम सर्किल रेट का एक फीसदी नामांतरण शुल्‍क लिया जा रहा है. वैसे पहले कानपुर में ये व्‍यवस्‍था लागू नहीं थी. नगर निगम के अफसर वित्‍तीय व्‍यवस्‍था को सुधारने के लिए इसे बढ़ाने की कवायद कर रहे थे.

लिए गए कई अन्‍य अहम फैसले
इस क्रम में मंगलवार को नामांतरण से संबंधित प्रस्‍ताव कार्यकारिणी में रखा गया. इसको सदस्‍यों ने सर्वसम्‍मति के साथ पास कर दिया. नगर निगम के हर जोन में प्रति महीने करीब 50 नामांतरण होते हैं. इसके अलावा कार्यकारिणी की बैठक में कई और भी अहम फैसले लिए गए. मसलन अब परेड चौराहा शहीद भगत सिंह चौक के नाम से जाना जाएगा. इसके अलावा नगर निगम में संविदा पर काम कर रहीं शिक्षिकाओं के वेतन बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी गई.

ऐसा कहना है महापौर का
इस बारे में शहर की महापौर प्रमिला पांडेय का कहना है कि नगर निगम की वित्‍तीय स्‍थिति को सुधारने के लिए इस तरह की नई व्‍यवस्‍था लागू की गई है. अब इस प्रस्‍ताव को जल्‍द ही नगर निगम सदन से स्‍वीकृत कराया जाएगा और उसके बाद जल्‍द से जल्‍द लागू किया जाएगा.

Published on: