कानपुर

Kanpur News: सावन में आनंदेश्वर महादेव के दर्शन से पहले जान लें ये खास इंतजाम, डीएम ने किया निरीक्षण

Anandeshwar Mahadev Temple: सावन 2026 के मद्देनजर कानपुर के परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सफाई, स्वास्थ्य, बिजली, यातायात और कांवड़ियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
2 min read
Jul 28, 2026
Sawan 2026
सावन 2026 की तैयारियों का जायजा लेते हुए परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में निरीक्षण करते जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह - फोटो पत्रिक

Sawan 2026: 30 जुलाई 2026 से शुरू हो रहे पावन श्रावण मास को देखते हुए कानपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।

महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग, लगाए जाएंगे बड़े साइन बोर्ड

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो सके। इसके अलावा प्रवेश, निकास, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी देने वाले बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंदिर परिसर में सफाई, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई कराई जाए। पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं, नियमित कचरा उठान हो और सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। वहीं, केस्को को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि रात्रि में भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग को मंदिर के निकट अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और चिकित्सकीय टीम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाए और कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तथा स्वयंसेवकों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि गंगा जल लेकर आने वाले कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग और सुव्यवस्थित मार्ग तैयार किए जाएं, जिससे जलाभिषेक और दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

मंदिर के महंत से की चर्चा, भगवान आनंदेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के महंत और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सावन के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुगमता और श्रद्धा के साथ भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों की तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
28 Jul 2026 04:30 pm
Published on:
28 Jul 2026 04:30 pm