
सांकेतिक फोटो
India Post Rakhi Service:रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में राखियों की रौनक बढ़ने लगी है। ऐसे में कानपुर में रहने वाली उन बहनों के लिए राहत भरी खबर है, जिनके भाई विदेश में रहते हैं। अब वे भारतीय डाक विभाग के माध्यम से कम खर्च में अपनी राखी विदेश भेज सकेंगी। खास बात यह है कि राखी भेजने के बाद उसकी ऑनलाइन ट्रैकिंग भी की जा सकेगी, जिससे यह पता चलता रहेगा कि पार्सल किस स्थान तक पहुंचा है।
डाक विभाग ने 50 ग्राम तक के पार्सल के लिए विभिन्न देशों के अनुसार शुल्क निर्धारित किए हैं। विभाग के मुताबिक भूटान, चीन, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में राखी 185 रुपये में भेजी जा सकती है। ब्रिटेन के लिए 200 रुपये, बांग्लादेश के लिए 240 रुपये, ऑस्ट्रेलिया के लिए 395 रुपये, अमेरिका के लिए 400 रुपये, न्यूजीलैंड के लिए 390 रुपये और फ्रांस के लिए 355 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
रक्षाबंधन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए डाक विभाग ने प्रधान डाकघर में विशेष काउंटर बनाने की तैयारी की है। इन काउंटरों पर केवल राखी बुक कराने की सुविधा मिलेगी, जिससे लोगों को लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा राखी भेजने के लिए विशेष लिफाफे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
डाक विभाग ने राखी भेजने वालों की सुविधा के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग की व्यवस्था भी की है। राखी बुक होने के बाद ग्राहक उसकी लाइव लोकेशन और डिलीवरी की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे। इससे विदेश में रहने वाले भाई तक राखी पहुंचने की पूरी जानकारी मिलती रहेगी और किसी प्रकार की चिंता नहीं रहेगी।
डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि रक्षाबंधन से करीब 20 दिन पहले ही राखी की बुकिंग करा दें। समय से बुकिंग कराने पर पार्सल तय समय में विदेश पहुंचने की संभावना अधिक रहती है। कानपुर में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जिनके सदस्य नौकरी, पढ़ाई या व्यवसाय के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। ऐसे परिवारों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। इस व्यवस्था से बहनें कम खर्च में अपने भाई तक राखी और स्नेह का संदेश आसानी से पहुंचा सकेंगी।
Updated on:
27 Jul 2026 07:16 pm
Published on:
27 Jul 2026 07:16 pm
