
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय
UP Congress President Ajay Rai Statement: भारतीय जनता पार्टी के नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ तीखा हमला बोलते हुए सपा सरकार के कार्यकाल को गुंडाराज बताया था। उन्होंने आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी पर भी हमला बोला। बीजेपी नेता संगीत सोम के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के अलावा शिया धर्मगुरु सैयद सैफ अब्बास नकवी ने भी नाराजगी जताई है। दोनों ने संगीत सोम के साथ बीजेपी पर भी हमला बोला है।
संगीत सोम के बयानों पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए बीजेपी पर हमला बोला है। अजय राय ने कहा कि संगीत सोम से पूछिए कि क्या उन्होंने कोई यूनिवर्सिटी या कॉलेज बनाया है? समाज को गलत दिशा में ले जाने, झगड़े पैदा करने और दंगे भड़काने जैसे कामों में ये लोग माहिर हैं। उन्होंने कहा कि देश को बांटने और उसे बर्बादी की ओर धकेलने के लिए ये लोग पूरी तरह जिम्मेदार हैं।
बीजेपी नेता संगीत सोम के बयान पर शिया धर्मगुरु सैयद सैफ अब्बास नकवी ने भी नाराजगी जताई है। सैयद सैफ अब्बास ने कहा कि देखिए, यह बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। किसी भी शिक्षण संस्थान को अक्सर ज्ञान का मंदिर कहा जाता है। ऐसी जगह को आतंकवाद से जोड़ना शिक्षा-विरोधी सोच को दिखाता है। मेरा मानना है कि ऐसी बातें कहना और किसी शिक्षण संस्थान को आतंकवाद से जोड़ना बहुत दुखद है, खासकर छात्रों के लिए। इससे उन्हें बहुत तकलीफ होती है।
आपको बता दे बीजेपी नेता संगीत सोम ने आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये और गरीबों की हजारों एकड़ जमीन हड़पकर एक यूनिवर्सिटी बनाई है। यह शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि आजम खान का अपना घर बन गई हैं। उन्होंने कहा कि इस यूनिवर्सिटी में शिक्षा का कार्य नहीं होता है। उन्होंने दावा किया है कि यह यूनिवर्सिटी आतंकवाद पैदा करती है।उस स्थान पर एक एक ईंट तोड़ी जाएगी। वहां गरीबों के लिए मकान बनाकर दिए जाएंगे। अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा की सरकार को मतलब सिर्फ दंगे है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में अतीक अहमद और मुख्यार अंसारी जैसे लोगों को दबदबा था।
Updated on:
28 Jul 2026 04:05 pm
Published on:
28 Jul 2026 04:05 pm
