
Anjali Arora Kanpur Event Controversy: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेत्री अंजलि अरोड़ा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कानपुर में 15 अक्टूबर को आयोजित 'नगाड़ा नाइट्स कार्यक्रम' को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदालत की दहलीज तक पहुंच गया है। कार्यक्रम के आयोजक अमन निगम ने अंजलि द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उनके पास पूरे घटनाक्रम के पुख्ता वीडियो सबूत मौजूद हैं।
अंजलि अरोड़ा की ओर से सुरक्षा-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए आयोजक अमन निगम ने मीडिया को बताया कि अंजलि ने कई बातों को बिल्कुल गलत तरीके से पेश किया है। कार वाले वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, "उन्होंने झूठे आरोप लगाए हैं। सबसे पहले तो उन्होंने आरोप लगाया कि कोई कार में बैठा था। हमारे पास इसका भी सबूत है, हमारे पास वीडियो है। हमारी सुरक्षा प्रबंधन टीम के कुछ लोग कार में बैठे थे, इसलिए उन्होंने उसका वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया।" इसके अलावा अमन ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय वीडियो क्रिएटर तुषार के वीडियो को भी दूसरे वीडियो में जोड़कर ऐसा दिखाने की कोशिश की गई कि अंजलि होटल में प्रवेश कर रही थीं। अमन ने दावा किया है कि अंजलि ने कार और होटल से जुड़े वीडियो क्लिप को गलत तरीके से पेश कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की है।
कानूनी प्रक्रिया को लेकर अमन निगम ने कहा कि, आयोजकों ने इस पूरे मामले को अदालत में चुनौती दी है और अपनी याचिका दायर कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर को होनी है। निगम ने बताया कि हम अदालत और कानूनी-प्रक्रिया के माध्यम से अपनी लड़ाई लड़ेंगे। हमें देश की न्याय व्यवस्था और प्रशासन पर पूरा भरोसा है कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा। गौरतलब है कि इससे पहले आयोजकों ने अंजलि को 1.20 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कानूनी नोटिस भेजने और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का भी दावा किया था।
यह पूरा विवाद 15 अक्टूबर को कानपुर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित हुए नगाड़ा नाइट्स कार्यक्रम से जुड़ा है। आयोजकों का आरोप है कि, अंजलि की मैनेजर के साथ 3 लाख रुपये में कार्यक्रम तय हुआ था जिसमें अंजलि को करीब 45 मिनट तक मंच पर परफॉर्मेंस देनी थी। लेकिन वह न सिर्फ कार्यक्रम में देरी से पहुंचीं बल्कि मात्र 12 मिनट की प्रस्तुति देकर बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। आयोजकों का दावा है कि इस वजह से प्रायोजकों ने उन्हें पेमेंट देने से मना कर दिया जिससे उन्हें 20 लाख रुपये का सीधा नुकसान हुआ। इसी नुकसान और मानहानि के एवज में 1.20 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा गया है।
इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद अंजलि अरोड़ा ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि 'कच्चा बादाम' गाना बजने के कारण उन्होंने कार्यक्रम नहीं छोड़ा था। अंजलि ने आयोजकों पर सुरक्षा में चूक का आरोप लगाते हुए कहा था कि लोग बार-बार उनके होटल के कमरे की घंटी बजा रहे थे और फोटो खिंचवाने के लिए जबरन कमरे तक आ रहे थे। इस तरह की दखलंदाजी से वह खुद को असुरक्षित और असहज महसूस कर रही थीं। अब देखना यह है कि अदालत 5 नवंबर को इस मामले में क्या फैसला सुनाती है।