कानपुर

25 लाख दिलाओ, तभी उतरूंगा, बिजली के खंभे पर चढ़ युवक ने किया हाईवोल्टेज हंगामा

Banda High Voltage Drama:बांदा के बबेरू में 25 लाख रुपये के लोन की मांग को लेकर युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और परिजनों के समझाने पर युवक नीचे उतरा और आर्थिक तंगी की बात बताई।
2 min read
May 14, 2026
Banda News, Baberu News, Uttar Pradesh News
बिजली के खंभे पर बैठा युवक

उत्तर प्रदेश के Banda जिले के बबेरू कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। घटना कस्बे की औगासी रोड स्थित मागलीराम विद्यालय के पास की है। युवक को खंभे पर चढ़ा देख राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हाईवोल्टेज लाइन के खंभे पर युवक को देखकर लोगों में किसी अनहोनी की आशंका से दहशत फैल गई।

पुलिस और परिजनों ने घंटों की मशक्कत के बाद उतारा नीचे

जानकारी मिलते ही बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह राजावत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच युवक के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस और परिवार के लोगों ने काफी देर तक बातचीत कर उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा।

करीब कई घंटों तक चले इस ड्रामे के कारण इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा रही। यातायात भी प्रभावित हुआ और लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए। पुलिस लगातार युवक को भरोसा दिलाती रही कि उसकी समस्या का समाधान कराने में मदद की जाएगी।

कारोबार शुरू करने के लिए मांगा 25 लाख रुपये का लोन

काफी समझाने-बुझाने और मदद का आश्वासन मिलने के बाद युवक आखिरकार खंभे से नीचे उतर आया। नीचे आने पर उसने अपना नाम सुनील बताया। युवक ने कहा कि वह कारोबार शुरू करना चाहता है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परेशान है। परिवार का खर्च चलाने के लिए उसे 25 लाख रुपये के ऋण की जरूरत है। इसी मांग को लेकर वह बिजली के खंभे पर चढ़ गया था।

पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाते हुए कहा कि आर्थिक परेशानी का समाधान आत्मघाती कदम नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेना है। पुलिस ने युवक को बैंक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण लेने की सलाह दी। साथ ही परिजनों को भी युवक का विशेष ध्यान रखने और मानसिक रूप से उसका सहयोग करने की बात कही गई। काफी मशक्कत के बाद युवक शांत हुआ। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुटी रही और देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।