7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘हैलो! मैं आपकी होने वाली दुल्हन बोल रही हूं’,फिर शुरू होता था ठगी का खेल, कानपुर में फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Kanpur Online Marriage Scam: कानपुर के कल्याणपुर में फर्जी ऑनलाइन मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने शादी का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Google source verification
Matrimonial Scam

कानपुर में फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़- फोटो पत्रिका

Fake Matrimonial Call Center: अगर सोशल मीडिया पर कोई अनजान युवती शादी का प्रस्ताव दे और कुछ ही दिनों में आपसे रजिस्ट्रेशन या प्रोफाइल एक्टिवेशन के नाम पर रुपये मांगने लगे, तो सावधान हो जाइए। कानपुर पुलिस ने ऐसे ही एक फर्जी ऑनलाइन मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है, जहां से शादी का सपना दिखाकर लोगों से साइबर ठगी की जा रही थी। संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से 104 सिम कार्ड समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं।

फेसबुक और मैट्रिमोनियल वेबसाइटों से तलाशते थे शिकार

पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर क्षेत्र के कैलाश विहार स्थित एक फ्लैट में 'Online Match Point' नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां काम करने वाले लोग फेसबुक, सोशल मीडिया और विभिन्न मैट्रिमोनियल वेबसाइटों से अविवाहित युवक-युवतियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे। इसके बाद व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए उनसे संपर्क कर शादी का भरोसा दिलाया जाता था। आरोपी इंटरनेट से महिलाओं की आकर्षक तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे। महिला टेली-कॉलर अलग-अलग नाम और पहचान बताकर पीड़ितों से लगातार बातचीत करती थीं, जिससे उन्हें यह विश्वास हो जाता था कि उनका रिश्ता तय होने वाला है।

रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर खाते में जमा कराते थे रुपए

पीड़ित पूरी तरह भरोसे में आ जाता था, तब उससे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल एक्टिवेशन, शादी की प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा कराए जाते थे। रकम मिलते ही आरोपी बातचीत बंद कर देते थे और मोबाइल नंबर बदल देते थे। इस तरह लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर साइबर ठगी को अंजाम दिया जा रहा था।

छापेमारी में मिला ठगी का पूरा नेटवर्क

कल्याणपुर पुलिस, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम ने छापेमारी कर विक्रम खुटे, अनुरागा त्रिवेदी व प्रियंका को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 104 सक्रिय सिम कार्ड, 16 मोबाइल फोन, नौ कंप्यूटर, दो लैपटॉप, चार सीपीयू, नौ मॉडेम, की-बोर्ड, प्रिंटर, फिंगर स्कैनर, हार्ड डिस्क, वाई-फाई डिवाइस, इंटरनेट उपकरण, बैंक खातों से जुड़े रजिस्टर तथा 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

अब बैंक खातों और पीड़ितों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच टीम अब गिरोह के बैंक खातों, अन्य सहयोगियों और देशभर में ठगी का शिकार हुए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से शादी का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं।