
सांकेतिक फोटो- पत्रिका
Cyber Fraud Kanpur: कानपुर के पनकी क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति का मोबाइल हैक करके ऐसा जाल बिछाया कि पांच दिनों तक उसके बैंक खाते से लगातार रुपये निकलते रहे और पीड़ित को भनक तक नहीं लगी। जब खाते से लाखों रुपये गायब होने की जानकारी मिली तो उसने बैंक और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की जांच पूरी होने के बाद अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगागंज निवासी उमाशंकर के मुताबिक, साइबर ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद 23 मई से 27 मई के बीच बैंक ऑफ बड़ौदा की कल्याणपुर शाखा स्थित उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कर दी। 23 मई को 95,450 रुपये, 24 मई को 98,455 रुपये, 25 मई को 98,550 रुपये, 26 मई को 99,001 रुपये और 27 मई को 80 हजार रुपये निकाल लिए गए।
इस तरह से कुल 4,71,456 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कोई यूपीआई ट्रांजैक्शन नहीं किया था और न ही किसी को ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी। मोबाइल हैक होने के बाद ही ठगों ने खाते तक पहुंच बनाकर रकम पार कर दी।
उमाशंकर ने बताया कि खाते से रुपये निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बैंक अधिकारियों को सूचना दी, ताकि आगे का लेनदेन रोका जा सके। इसके बाद 1 जून को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर साइबर टीम ने पूरे मामले की तकनीकी जांच की और संबंधित बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल की। साइबर सेल की रिपोर्ट मिलने के बाद पनकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उन खातों और यूपीआई आईडी की जांच कर रही है, जिनमें यह रकम भेजी गई थी।
एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि साइबर सेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जिन बैंक खातों और यूपीआई आईडी के जरिए लेनदेन हुआ है, उनकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी पनकी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें और मोबाइल या बैंकिंग से जुड़ी किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक, साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
Published on:
03 Jul 2026 07:00 pm
