
सांकेतिक फोटो
Kanpur Crime News:कानपुरके कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मकान निर्माण में देरी का विरोध करना एक दंपती को भारी पड़ गया। निजी अस्पताल संचालित करने वाले महिला ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य की प्रगति पर सवाल उठाने पर ठेकेदार ने उनके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि ठेकेदार ने उनके पति से हाथापाई करने के बाद उनके साथ भी अभद्रता की, कुर्ती फाड़ दी और कमर पकड़कर घसीटा। मामले में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफमुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास-1 निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति पेशे से डॉक्टर हैं और वह अपने पति के साथ एक निजी अस्पताल का संचालन करती हैं। उन्होंने चूंगी चौकी के पास अपने मकान के निर्माण का ठेका राजन कुमार को दिया था। आरोप है कि ठेकेदार ने नौ माह में नक्शे के अनुसार मकान तैयार करने का भरोसा दिया था, लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी केवल 10 से 15 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो सका। महिला के अनुसार, 11 जून की रात करीब आठ बजे वह अपने पति के साथ निर्माणाधीन मकान पर पहुंचीं और काम में हो रही देरी का कारण पूछा। इसी बात पर ठेकेदार भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उनके पति से मारपीट करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पति को बचाने का प्रयास किया तो ठेकेदार ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनकी कुर्ती फट गई। महिला ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने उनकी कमर पकड़कर उन्हें घसीटा और अभद्रता की। इतना ही नहीं, उसने काम पूरा न करने और दिए गए रुपये वापस न करने की धमकी भी दी।घटना के बाद दंपती ने तत्काल 112 और 1090 पर सूचना दी। महिला का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में ठेकेदार ने एक सप्ताह के भीतर हिसाब कर बकाया राशि लौटाने का लिखित आश्वासन भी दिया था।
पीड़िता के अनुसार, पुलिस के सामने किए गए वादे के बावजूद 15 दिन बीत जाने पर भी न तो ठेकेदार ने हिसाब किया और न ही बकाया रकम लौटाई। आरोप है कि अब वह फोन भी नहीं उठा रहा है, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर ठेकेदार राजन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
30 Jun 2026 07:12 pm
Published on:
30 Jun 2026 07:12 pm
