
कानपुर। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंति के 150 साल पूरे होने के उपल्क्ष्य में विधानसभावार उनकी दांडी यात्रा की तर्ज पर पदयात्रा करने का फैसला किया है, जिसके माध्यम से भाजपाई घर-घर जाकर लोगों के मन में देशभक्ति की अलख जगाएंगे.
ऐसी मिली है जानकारी
इस पदयात्रा में वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे. इसके साथ ही कार्यक्रम का सामूहिक श्रीगणेश और सामूहिक ही एक स्थान पर समापन होगा. ये पदयात्रा 1 से 15 दिसंबर तक होगी. हर विधानसभा क्षेत्र में 6-6 टोलियां निकलेंगी. यात्रा के जरिए आम जनता तक केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को पहुंचाने के खातिर गुरुवार को कानपुर-बुदेलखंड क्षेत्र की बैठक बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में हुई.
सफल रहा कार्यक्रम
बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि कमल संदेश बाइक रैली एक सफल कार्यक्रम रहा. भारतीय जनता पार्टी इस पदयात्रा के कार्यक्रम में पूरी प्रदेश भर के हर बूथ पर पदायात्रा करते हुए जाएगी. प्रत्येक विधानसभा में 150 कार्यकर्ता चिह्नित किए गए हैं. उनकी 6-6 टोलियां बनेंगी. प्रत्येक टोली में 50 कार्यकर्ता होंगे और ये कार्यकर्ता प्रत्येक गांव, प्रत्येक बूथ पर जाएंगे. संचालन क्षेत्रीय महामंत्री मुखलाल पाल ने किया. प्रदेश महामंत्री नीलिमा कटियार, रंजना उपाध्याय, प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल, क्षेत्रीय महामंत्री संगठन भवानी सिंह, बाबू राम निषाद, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. वीना आर्या, कृष्ण मुरारी शुक्ल अन्य मौजूद रहे.
आचार संहिता हुई लागू
दो दिन पहले लखनऊ में हुई बैठक में तय हुआ था कि पीएम, सीएम या राष्ट्रीय स्तर का जो पदाधिकारी जिस क्षेत्र में संगठन के कार्यक्रम में जाएगा तो उस क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष उन्हें माला पहनाकर उनका स्वागत करेगा. अभी तक ये अधिकार जिलाध्यक्ष को था. इस फैसले के बाद प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल को इस क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष आर श्रीवास्तव ने माला पहनाकर स्वागत किया. वहीं दोपहर के भोजन के समय दूसरे जिले के पदाधिकारियों के होने की वजह से महिला मोर्चा को बाद में आने को कहा गया तो महिला मोर्चा ने नाराजगी जताई.