
Kanpur Crime News: कानपुर के बिठूर स्थित राजा हॉस्पिटल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अस्पताल की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। एनआईसीयू (NICU) के वार्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक नवजात बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई।
बाकरगंज के रहने वाले अरुण निषाद ने रविवार सुबह अपनी पत्नी को प्रसव के लिए राजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। शाम करीब 4 बजे उनके घर बेटी ने जन्म लिया। डॉक्टरों ने मां को वार्ड में शिफ्ट कर दिया, जबकि नवजात बच्ची को स्वास्थ्य जांच और देखभाल के लिए एनआईसीयू के वार्मर मशीन पर रखा गया था। परिवार अभी बच्ची के आने की खुशी मना ही रहा था कि अचानक इस हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस वार्मर मशीन पर बच्ची लेटी हुई थी, उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि नवजात बच्ची का शरीर पूरी तरह जलकर काला हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अस्पताल प्रशासन ने इस भयानक हादसे को करीब चार-पांच घंटे तक छिपाए रखा। जब पिता अरुण ने अपनी बेटी को देखने की जिद की, तब जाकर उन्हें इस अनहोनी की जानकारी दी गई।
इस दर्दनाक खबर के मिलते ही परिवार टूट गया। उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और साक्ष्य जुटाने के लिए एनआईसीयू वार्ड को सील कर दिया है।
मृत बच्ची अपने माता-पिता की पहली संतान थी। जिस घर में बच्ची की किलकारियां गूंजनी थीं, वहां अब केवल सन्नाटा और चीख-पुकार है। पिता अरुण का कहना है कि अगर मशीनों की नियमित जांच होती और वहां स्टाफ मौजूद होता, तो उनकी बेटी आज जिंदा होती। उन्होंने अस्पताल के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।