
Fake Advocate Kanpur Case:कानपुर में एक महिला को खुद को अधिवक्ता बताकर झांसे में लेने, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो के जरिए वर्षों तक ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। रावतपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, रावतपुर क्षेत्र की रहने वाली महिला की वर्ष 2022 में कचहरी में एक मामले की पैरवी के दौरान बजरिया निवासी पवन गौतम से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को अधिवक्ता बताया और कानूनी सलाह देने के नाम पर महिला का विश्वास जीत लिया। बाद में जांच में सामने आया कि वह अधिवक्ता नहीं, बल्कि एलएलबी का छात्र है। महिला के पति की तबीयत खराब रहने के कारण वह अक्सर अकेले कचहरी आती-जाती थी, जिसका आरोपी ने फायदा उठाया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कानूनी सलाह देने के बहाने उसे एक फ्लैट पर बुलाया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। इसी दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया। होश आने पर जब महिला ने विरोध किया तो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी वर्षों तक वीडियो सार्वजनिक करने का डर दिखाकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
महिला के मुताबिक, वर्ष 2026 में उसने आरोपी के दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील वीडियो उसके रिश्तेदारों और उसके बेटे के स्कूल की शिक्षिका को भेज दिए। घटना से आहत महिला ने जून में रावतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की विवेचना बिठूर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कर रहे थे। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर रावतपुर पुलिस ने बजरिया स्थित आरोपी के घर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।