10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: एक क्लिक और खाते से ₹21.29 लाख गायब, कानपुर में Video KYC के बहाने साइबर ठगों ने डॉक्टर को लगाया चूना

Kanpur Cyber Fraud: कानपुर के कल्याणपुर में वीडियो केवाईसी के नाम पर साइबर ठगों ने डॉक्टर को नया क्रेडिट कार्ड देने का झांसा देकर स्क्रीन शेयर कराई और 21.29 लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
Kanpur Cyber Fraud

सांकेतिक इमेज- पत्रिका

Video KYC Cyber Fraud: साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए पहले से कहीं अधिक शातिर तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक डॉक्टर को नया क्रेडिट कार्ड दिलाने का झांसा देकर वीडियो केवाईसी (Video KYC) के नाम पर ऐसा जाल बिछाया गया कि उनके 3 क्रेडिट कार्ड से कुल 21.29 लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कल्याणपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप कॉल और लिंक से शुरू हुई ठगी

इंदिरा नगर स्थित डिविनिटी होम्स निवासी डॉ. संजीव रोहतगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 जुलाई को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच उनके व्हाट्सएप और उनको कॉल से संपर्क किया गया। कॉल करने वालों ने खुद को बैंक से जुड़ा प्रतिनिधि बताते हुए नया क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।

भरोसा जीतने के बाद उन्होंने वीडियो केवाईसी कराने के बहाने एक लिंक भेजा। डॉ. रोहतगी ने लिंक पर क्लिक किया तो वीडियो केवाईसी के नाम पर स्क्रीन शेयर कराई गई। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन शुरू कर दिए। कुछ ही देर में उनके खातों से लाखों रुपये निकल गए।

तीन कार्डों से निकाले ₹21.29 लाख

पीड़ित के अनुसार, जालसाजों ने उनके तीन अलग-अलग क्रेडिट कार्डों से रकम उड़ाई। पहले कार्ड से 4,58,893 रुपये, दूसरे कार्ड से 10,50,000 रुपये और तीसरे कार्ड से 6,20,354 रुपये निकाल लिए। इस तरह कुल 21,29,247 रुपये की साइबर ठगी हुई। ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने पर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क किया।

दो दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

घटना 8 जुलाई को हुई थी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। दो दिन बाद, 10 जुलाई को कल्याणपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर साइबर धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।

साइबर सेल भी ट्रांजेक्शन का ट्रेल खंगाल रही है ताकि रकम का पता लगाया जा सके और आरोपितों तक पहुंचा जा सके। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।जल्द ही खुलासा किया जाएगा।