IMD Alert for zero visibility मौसम विभाग ने कानपुर मंडल सहित मध्य एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। विजिबिलिटी भी शून्य के आसपास रहेगी। सुबह, रात और शाम को कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
IMD Alert for zero visibility मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में इटावा का तापमान प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया। लखीमपुर खीरी दूसरे स्थान पर रहा। अधिकतम तापमान में बस्ती सबसे गर्म रहा। जबकि झांसी दूसरे स्थान पर था। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि दिसंबर महीने में विशेष सर्दी नहीं पड़ रही है। दिन में अभी भी गर्म है। इसका मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ को अरब सागर से सपोर्ट नहीं मिलना है। बारिश की भी कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कोहरा, धुंध और प्रदूषण को लेकर के भी अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता (visibility) में काफी कमी आई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले अलीगढ़, बरेली, आगरा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज के कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 'शून्य मीटर' दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त आगरा के ताज महल के पास विजिबिलिटी 20 मीटर, अलीगढ़ में 25 मीटर, बरेली में 30 मीटर, शाहजहांपुर में 40 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई।
जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के फुरसतगंज में 20 मीटर, कानपुर शहर में 40 मीटर की विजिबिलिटी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व भारत के इलाकों में 17 से 21 दिसंबर के बीच सुबह के समय घना से घना कोहरा छाया रहेगा। जिसके कारण विजिबिलिटी में कमी आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में इटावा का तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि लखीमपुर खीरी, बुलंदशहर और अयोध्या का 8 डिग्री है, जबकि आगरा का तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। बुलंदशहर, अलीगढ़, झांसी, लखीमपुर खीरी, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, कानपुर नगर, उरई, फतेहपुर, सुल्तानपुर, और प्रयागराज का तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान में बस्ती का 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि झांसी का 25.7 डिग्री, आजमगढ़, बहराइच का 25.6 डिग्री, मेरठ का 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में अलीगढ़ का सबसे कम दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रहा। जबकि इटावा का अधिकतम तापमान 21.8, शाहजहांपुर का 21, बरेली का 19.5, मुरादाबाद का 20.4, नजीबाबाद का 21.7, बुलंदशहर का 21 डिग्री दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 20 से अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि नई दिल्ली से लखनऊ तक स्मॉग की चादर बिछी हुई है। कानपुर मंडल सहित मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना से बहुत अधिक घना कोहरा छाया रहेगा। अगले कुछ दिनों तक ऊंचे आसमान में धुंध और बादल दिखाई पड़ सकते हैं। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार रात, सुबह और शाम को ठंड का असर दिखाई पड़ेगा। लेकिन दिन में सूरज की गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। इस दौरान 2 से 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर और पश्चिम दिशा से आने वाली हवाएं मौसम को प्रभावित करेंगी।