
BJP Leader Ramesh Yadav: कानपुर जिले में भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव से 12 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उनके फार्महाउस में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।घटना पश्चिमपारा थाना क्षेत्र की है। सोमवार आधी रात को कुछ नकाबपोश बदमाश फार्महाउस में घुसे। बदमाशों ने रमेश यादव के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद वे उन्हें बंधक बनाकर 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जॉइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान के लिए घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के न्यूरी गांव स्थित फार्म हाउस में सोमवार रात करीब 11 बजे वारदात हुई। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पूर्व बिधनू ब्लॉक प्रमुख रमेश सिंह यादव लखनऊ से लौटने के बाद फार्म हाउस के हॉल में सोफे पर अकेले बैठे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश खुले दरवाजे से अंदर घुस आए। बदमाशों ने रमेश यादव को तमंचे के बल पर बंधक बनाया। धमकाकर गले की सोने की चेन, अंगूठी और हाथ का कड़ा उतरवा लिया। इसके बाद नकदी भी लूट ली।
बताया गया कि रमेश सिंह यादव के फार्म हाउस पहुंचने और हॉल में जाने के बाद उनके सुरक्षा गार्ड भी अपने-अपने घर चले गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। लूटपाट के बाद दोनों बदमाश धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में लूटपाट को लेकर चर्चा है। लूटे गए सोने के आभूषण और नकदी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, लूट की वास्तविक रकम और सामान की कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रमेश सिंह यादव घटना के बारे में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। वहीं, फार्म हाउस में मीडिया के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है। लूट की घटना को अंजाम देने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी भी चेक किया जा रहे हैं।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि थाना सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में एक घटना की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। जिसमे वादी द्वारा दो युवकों द्वारा 12 लाख लूट ले जाने की तहरीर दी गई है। इसमें मुकदमा दर्ज कर डीसीपी साउथ के नेतृत्व में 8 पुलिस टीम अनावरण हेतु प्रयासरत है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र की प्रकरण का अनावरण किया जाएगा ।