
Kanpur Crime News: गले से सोने की दो चेन झपटकर भागे लुटेरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने एक-दो नहीं, बल्कि 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। चार पुलिस टीमों की मेहनत और मुखबिर की सूचना से आखिरकार वारदात में शामिल तीन बाल अपचारी पकड़ लिए गए। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई चेन के तीन टुकड़े बरामद किए हैं। बरामद सोने की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, वारदात में शामिल साहिल नाम का एक अन्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
पुलिस के मुताबिक, किदवई नगर में प्रेम ब्रास बैंड के पास हर्ष कुमार जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की दो चेन छीनकर भाग निकले। एक चेन का वजन करीब 30 ग्राम और दूसरी का 10 ग्राम था। अचानक हुई इस वारदात से पीड़ित सकते में आ गया। शिकायत मिलने पर बाबूपुरवा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
चेन लूटने वालों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। ऐसे में चार टीमें लगाई गईं। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास से लेकर आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों तक 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने मुखबिरों का भी सहारा लिया। आखिरकार 13 और 14 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए बाल अपचारियों के पास से सोने की चेन के तीन टुकड़े बरामद किए। इनकी लंबाई क्रमशः 14, 10 और नौ सेंटीमीटर है। बरामदगी की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। वारदात में शामिल साहिल नाम का एक अन्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि तीन बाल अपचारियों को पकड़कर लूटी गई चेन बरामद कर ली गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।