Road Accident :कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में बिषधन मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा बिषधन रसूलाबाद मार्ग पर मेघजाल के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ।वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुट्टी खरीदने जा रहे थे युवक -
प्राप्त जानकारी के अनुसार,रसूलाबाद क्षेत्र के थाना पुरवा निवासी रवींद्र का भतीजा अनुज (16) पुत्र पिंटू उर्फ प्रेमचंद अपने चाचा जसकरन के साथ बाइक से सिसाही रामपुर बहन को लाने जा रहा था। मेघजाल के पास जसकरन बाइक सड़क किनारे खड़ी कर लघुशंका के लिए उतर गए, जबकि अनुज बाइक पर ही बैठा रहा। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक अनुज की खड़ी बाइक से टकरा गई। टक्कर में अनुज के साथ दूसरी बाइक पर सवार नैनपुर कसमड़ा निवासी अमित (26) पुत्र सतीश सिंह और उसका साथी मोहित (25) पुत्र चंद्रबली गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि अमित और मोहित रसूलाबाद से पुट्टी खरीदने जा रहे थे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती -
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सौरभ शाक्य ने अनुज और अमित को मृत घोषित कर दिया। मोहित की हालत गंभीर देखते हुए उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वही घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन सीएचसी पहुंचे, जहां कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या बोले थाना प्रभारी -
रसूलाबाद थानाध्यक्ष एस.एन. सिंह ने बताया कि बाइक भिड़ंत में दो लोगों की मौत हुई है। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।