
नाबालिग के साथ 19 बार रेप का आरोप
Kanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खुद को बीजेपी का सोशल मीडिया प्रभारी बताने वाले युवक अनुभव उर्फ कृष्णा पांडे पर 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ 19 बार रेप करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी ने छात्रा को शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया। नाबालिग होने के बावजूद होटल में कमरा लेने के लिए उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर फर्जीवाड़ा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णा पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पीड़िता के अनुसार, कृष्णा पांडे सोशल मीडिया के जरिए उससे मिला था। पहले उसने शादी का झांसा दिया और एक होटल में ले जाकर गलत काम किया। पहली बार ही आरोपी ने छात्रा का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह एक साल तक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। इस तरह आरोपी ने छात्रा को अलग-अलग होटलों में ले जाकर करीब 19 बार शारीरिक शोषण किया।
छात्रा नाबालिग थी, इसलिए होटल में कमरा लेने के लिए कृष्णा पांडे ने उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि बदल दी। इससे वह बालिग दिखने लगी। पीड़िता का आरोप है कि होटल मैनेजर ने भी आरोपी का साथ दिया और उसे धमकाया। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि नाबालिग लड़की को होटल में कमरा कैसे दिया गया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर कब्जे में ले लिए हैं।
जब छात्रा ने अपनी मां को सारी बात बताई, तो मां आरोपी के घर पहुंची। आरोप है कि कृष्णा पांडे के पिता, भाई और चाचा ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां ने बताया कि हमने हाथ-पैर जोड़े कि बात कर लीजिए, लेकिन उन्होंने हमें ही गलत बताया। मां की शिकायत पर पुलिस ने कृष्णा पांडे, होटल मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी खुद को बीजेपी नजीराबाद मंडल का सोशल मीडिया प्रभारी बताता था। लेकिन मामले के सामने आने पर बीजेपी शहर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि इस युवक को पहले ही पार्टी से निकाल दिया गया था। वह अब बीजेपी का सदस्य नहीं है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कृष्णा पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। अब कोर्ट में उसका 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा। पुलिस धोखाधड़ी, रेप और आधार कार्ड जालसाजी की सभी धाराओं के तहत गहन जांच कर रही है। इस मामले में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
Updated on:
15 Apr 2026 10:04 am
Published on:
15 Apr 2026 10:03 am
