
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से भरोसे को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने बुजुर्ग दंपती को बेटा बनकर न सिर्फ भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसाया, बल्कि उनसे 16.77 लाख रुपये की ठगी भी कर ली। आरोप है कि उसने शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने और दिवंगत बेटे के नाम पर चैरिटेबल अस्पताल बनवाने का झांसा दिया।
कल्याणपुर के सत्यम विहार निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका पुष्पलता कटियार अपने पति राजकिशोर कटियार, जो रेशम विभाग से सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त हैं, के साथ रहती हैं। दंपती के मुताबिक, लखनऊ स्थित एलडीए कॉलोनी, पकरी पुल के पास उनके दिवंगत चिकित्सक बेटे का मकान था। इसी दौरान सामने रहने वाले सुनील कुमार वर्मा से उनकी पहचान हुई, जो धीरे-धीरे पारिवारिक संबंधों में बदल गई।
बताया गया कि 21 दिसंबर 2019 को बेटे की बीमारी से मौत के बाद आरोपी अक्सर सांत्वना देने कानपुर आता-जाता रहा। इस दौरान उसने खुद को बेटे जैसा बताते हुए दंपती का विश्वास जीत लिया। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने अपने दिवंगत बेटे के नाम पर एक चैरिटेबल अस्पताल खोलने की इच्छा जताई, तो आरोपी ने जीवनभर सेवा करने का भरोसा दिलाया और शेयर ट्रेडिंग में निवेश का सुझाव दिया।
विश्वास में आकर बुजुर्ग दंपती ने आरोपी के खाते में 15.87 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, जबकि 90 हजार रुपये नकद भी दिए। कुछ समय बाद जब उन्हें मुनाफा या निवेश से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली, तो शक गहराया। जांच करने पर पता चला कि पैसा कहीं निवेश ही नहीं किया गया। जब दंपती ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने दिसंबर 2024 में स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 4 दिसंबर 2025 को पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई गई। जांच के बाद करीब चार महीने बाद मामला दर्ज किया गया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
Updated on:
15 Apr 2026 09:40 pm
Published on:
15 Apr 2026 09:37 pm
