कानपुर

Kanpur News:चाचा-भतीजे पर 10 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Extortion Case Kanpur:कानपुर के रावतपुर विनायकपुर में मकान मरम्मत के दौरान पड़ोसियों पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने, काम रुकवाने, मारपीट और धमकी का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
May 13, 2026
Kanpur, Extortion, Ravatpur, Vinayakpur, CrimeNews, UttarPradesh, PoliceCase, LandDispute, ThreatCase, BreakingNews
सांकेतिक फोटो

Kanpur के रावतपुर क्षेत्र के विनायकपुर इलाके में एक मकान मरम्मत कार्य के दौरान रंगदारी मांगने और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने पड़ोस में रहने वाले चाचा-भतीजे समेत अन्य लोगों पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, काम रुकवाने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मकान मरम्मत के दौरान शुरू हुआ विवाद

राजीव नगर विनायकपुर निवासी सुधांशु का आरोप है कि वह अपने मकान की मरम्मत करा रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले राजबहादुर, उसके भतीजे प्रशांत सिंह और परिवार की कुछ महिलाओं ने निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि इलाके में बिना उनकी अनुमति कोई भी निर्माण या मरम्मत कार्य नहीं कराया जा सकता। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और कहा कि पैसा देने के बाद ही काम करने दिया जाएगा। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।

पहले भी ली गई थी एक लाख रुपये की रकम

शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर क्षेत्रीय निवासी विष्णु भदौरिया को मध्यस्थता के लिए भेजा गया। आरोप है कि उनके सामने भी दबाव बनाकर रुपये मांगे गए। लगातार दबाव के चलते 16 दिसंबर 2025 को एक लाख रुपये दिए गए थे, जिसके बाद कुछ समय के लिए विवाद शांत हुआ, लेकिन बाद में फिर से नौ लाख रुपये की मांग शुरू कर दी गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि रुपये न देने पर आरोपियों ने विभिन्न विभागों में फर्जी शिकायतें भेजनी शुरू कर दीं और मकान निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी। साथ ही परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में रावतपुर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
13 May 2026 09:18 am