कानपुर

Kanpur News:‘तेल चोर गैंग’ का खुलासा, हाईवे पर खड़े टैंकरों को बनाते थे निशाना, 1400 लीटर डीजल बरामद

Fuel Theft Gang:कानपुर में टैंकरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 1400 लीटर डीजल-पेट्रोल, कई वाहन और उपकरण बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

2 min read
May 19, 2026
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बरामद डीजल-पेट्रोल और सामान के साथ पुलिस टीम

कानपुर कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम ने टैंकरों से डीजल और पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 1400 लीटर डीजल-पेट्रोल, कई ड्रम और पीपियां, एक ओमनी वैन, लोडिंग ऑटो और तेल निकालने की मशीन बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और चोरी के तेल की सप्लाई करने वाले लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: मसाला फैक्ट्री में अचानक क्यों भड़क उठीं महिला कर्मचारी? जानिए वजह

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि थाना सचेंडी क्षेत्र में कुछ लोग टैंकरों से डीजल-पेट्रोल चोरी कर कम कीमत पर बेच रहे हैं। सूचना मिलने के बाद अपराध शाखा की क्राइम टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ लोग डीजल निकालते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया। मौके पर कई ड्रम और पीपियां मिलीं, जिनमें बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल भरा हुआ था। इसके बाद पुलिस आरोपियों और बरामद सामान को थाने ले गई।

हाईवे पर खड़े टैंकरों से निकालते थे तेल

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे हाईवे किनारे खड़े डीजल और पेट्रोल से भरे टैंकरों को निशाना बनाते थे। आरोपी मशीन और पाइप की मदद से टैंकरों से तेल निकाल लेते थे। इसके बाद चोरी किए गए तेल को ड्रम और पीपियों में भरकर अलग-अलग जगहों पर कम कीमत में बेच दिया जाता था। पुलिस ने श्याम होटल के पीछे छापेमारी कर दो ड्रम, कई भरी और खाली पीपियां और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इस काम में लगा था और कई टैंकर चालकों से भी पूछताछ की जाएगी।

तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान विवेक पाल निवासी भौतीखेड़ा सचेंडी, नारायण सिंह निवासी कपली गंगागंज पनकी और रोहित सोनकर निवासी हरिजन कॉलोनी सचेंडी को गिरफ्तार किया है। वहीं विवेक पांडे, जीत चंदेल और गोपी चौहान मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा चोरी किए गए डीजल-पेट्रोल को किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था।

पुलिस ने भारी मात्रा में सामान किया बरामद

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1400 लीटर डीजल-पेट्रोल बरामद किया है। इसके अलावा दो ड्रम, 20 भरी हुई पीपियां, 14 खाली पीपियां, एक ओमनी वैन, एक लोडिंग ऑटो, एक अपाचे मोटरसाइकिल, तेल निकालने की मशीन और पाइप समेत अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामान का इस्तेमाल टैंकरों से तेल निकालने और उसे दूसरी जगह पहुंचाने में किया जाता था। मामले में थाना सचेंडी में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरोह के पुराने रिकॉर्ड और अन्य जिलों से जुड़े कनेक्शन भी खंगाल रही है।

Published on:
19 May 2026 03:20 pm
Also Read
View All