कानपुर। शहर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो वन विभाग की वर्दी पहनकर लंबे समय से गांजा तस्करी कर रहा था। वर्दी का रौब दिखाकर वह लोगों के बीच बिना शक के नशे का कारोबार चला रहा था। गुरुवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को 2.035 किलोग्राम अवैध गांजा […]
कानपुर। शहर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो वन विभाग की वर्दी पहनकर लंबे समय से गांजा तस्करी कर रहा था। वर्दी का रौब दिखाकर वह लोगों के बीच बिना शक के नशे का कारोबार चला रहा था। गुरुवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को 2.035 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मधुकर भदौरिया उर्फ शनि उर्फ विकास (33) निवासी केशवपुरम आवास विकास, थाना रावतपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2012 में वह वन विभाग में ठेके पर भर्ती हुआ था और उसी दौरान उसे विभाग की वर्दी मिली थी। बाद में उसे नौकरी से हटा दिया गया, लेकिन वर्दी उसके पास ही रह गई।
आरोपी ने खुलासा किया कि वह उन्नाव से गांजा लाकर कानपुर में बेचता था। वर्ष 2018 से वह नशे के इस अवैध कारोबार में सक्रिय है। वह ऑटो चालकों, ट्रक चालकों और नशे के आदी युवाओं को गांजा सप्लाई करता था। वन विभाग की वर्दी पहनकर घूमने के कारण उस पर किसी को संदेह नहीं होता था और वह आसानी से तस्करी कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। कानपुर में भी उस पर आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।थाना प्रभारी कल्याणपुर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।