GST Fraud:उत्तराखंड की महिला के पैन का दुरुपयोग कर कानपुर में फर्जी फर्म बनाई गई और 2.59 करोड़ की जीएसटी देनदारी दर्ज कर दी गई। बैंक खाता सीज होने पर मामला सामने आया, पुलिस जांच में जुटी है।
कानपुर। फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहचान की चोरी कर करोड़ों की जीएसटी देनदारी थोपने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला के पैन नंबर का दुरुपयोग कर न केवल फर्जी फर्म खोल दी गई, बल्कि उसके नाम पर लाखों-करोड़ों के लेनदेन दिखाकर 2.59 करोड़ रुपये की जीएसटी देनदारी भी दर्ज करा दी गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के टनकपुर निवासी रश्मि चड्डा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2022 में जब उन्होंने अपना आयकर रिटर्न भरना चाहा, तब उन्हें इस बड़े फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। उनके पैन नंबर का इस्तेमाल कर “रश्मि इंटरप्राइजेज” नाम से एक फर्जी फर्म बनाई गई थी। हैरानी की बात यह है कि इस फर्म का पता कानपुर के फजलगंज स्थित 123/783 गार्डन पुरवा दर्ज किया गया, जबकि उनका उस पते या शहर से कोई संबंध नहीं है।फर्म के साथ एक मोबाइल नंबर भी जोड़ा गया, जो पीड़िता का नहीं है। आरोप है कि इस फर्म को जीएसटी में पंजीकृत कर उसके नाम पर कई फर्जी बिक्री बिल भी जारी किए गए।
मामला तब और गंभीर हो गया जब 15 जुलाई 2025 को रश्मि चड्डा के मोबाइल पर एक संदेश आया। इसमें बताया गया कि भारतीय स्टेट बैंक के उनके खाते को जीएसटी आदेश के चलते होल्ड कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि उनके नाम पर 2 करोड़ 59 लाख 55 हजार 506 रुपये की जीएसटी देनदारी दर्ज है।इस सूचना के बाद उनका बैंक खाता भी सीज कर दिया गया। बैंक अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि यह कार्रवाई जीएसटी विभाग, कानपुर के अनुरोध पर की गई है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने कभी इस नाम से कोई व्यापार नहीं किया और न ही किसी प्रकार का ऐसा लेनदेन किया है।
रश्मि चड्डा ने इस पूरे मामले की शिकायत उत्तराखंड के टनकपुर कोतवाली में दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर इसे कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के कल्याणपुर थाने में ट्रांसफर कर दिया। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति या गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जीवाड़ा किया है।अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।