
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति से फोन पर आखिरी बातचीत के कुछ ही देर बाद एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सात बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति काम पर चला गया, लेकिन विवाद का असर इतना गहरा था कि कुछ ही घंटों बाद विवाहिता ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
कानपुर देहात के सिकंदरा की रहने वाली 26 वर्षीय लक्ष्मी ने शादी के महज छह महीने बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जान दे दी। वह अपने पति मोहित कटियार के साथ 8 मार्च को पुराना शिवली रोड स्थित किराए के मकान में रहने आई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद करीब दस बजे लक्ष्मी ने अपने पति को फोन किया और कहा, “मैं जान दे रही हूं, तुम अपनी लाइफ में खुश रहना।” इतना कहकर उसने कॉल काट दी। घबराए पति ने तुरंत उसे कई बार फोन मिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
अनहोनी की आशंका पर पति ने लक्ष्मी की सहेली पूजा को फोन कर घर जाकर देखने को कहा। पूजा जब मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से झांककर देखा तो लक्ष्मी का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत मकान मालिक व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
26 Mar 2026 08:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
