
Kanpur Rain Alert:मानसून एक बार फिर पूरे तेवर में नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र लखनऊ ने अगले 24 घंटों के दौरान कानपुर समेत मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और मानसून की सक्रियता के कारण मौसम तेजी से बदलेगा। इसका सबसे अधिक असर कानपुर, उन्नाव, हरदोई और आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार कानपुर में अगले 24 घंटे के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली और बाराबंकी समेत अवध क्षेत्र के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लखनऊ में भारी आंधी-पानी की संभावना 90 प्रतिशत तक जताई गई है। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज क्षेत्र में भी तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं बुंदेलखंड में पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी हवाओं के प्रभाव से पहले धूल भरी आंधी और उसके बाद गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे उमस भरे मौसम से राहत मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक यात्रा न करें। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकना बेहतर होगा।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है, इसलिए आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में कानपुर और आसपास के जिलों के लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।