कानपुर

Kanpur News: अस्पताल में पुलिस पर हमला, चौकी इंचार्ज की वर्दी फाड़ी, घंटों चला हंगामा

Kanpur Hospital Violence:कानपुर के जीवन ज्योति अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस समझाने पहुंची तो चौकी इंचार्ज से मारपीट कर वर्दी फाड़ दी गई। महिला दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने 10 परिजनों को हिरासत में लिया।

2 min read
May 12, 2026
फटी हुई वर्दी में चौकी इंचार्ज

कानपुर के कल्याणपुर स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में देर रात मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। कन्नौज के निजामपुर निवासी 35 वर्षीय गौरव सिंह को बवासीर की शिकायत के चलते दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक इलाज के दौरान उन्हें खून चढ़ाया जा रहा था। आरोप है कि दूसरे यूनिट से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई।

अस्पताल प्रशासन ने दावा किया कि मरीज को अचानक कार्डियक अटैक आया था, जिससे उसकी जान चली गई। वहीं परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें

Kanpur News: जब विधानसभा अध्यक्ष बैठे बचपन के दोस्त के ऑटो में, कानपुर की सड़कों पर दिखी ‘यारी वाली सवारी’

कई घंटे तक शव रखकर हंगामा करते रहे परिजन

स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने सुबह ही पुलिस को सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शव ले जाने को तैयार नहीं हुए। अस्पताल परिसर में कई घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

परिजन लगातार डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते रहे। पुलिस अधिकारियों ने समझौते और बातचीत के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन शाम होते-होते विवाद और बढ़ गया।

चौकी इंचार्ज से मारपीट, वर्दी फाड़ी

देर रात के समय पुलिस और परिजनों के बीच कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने पनकी रोड चौकी इंचार्ज विपिन कुमार मोरल पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बीच बचाव करने पहुंची महिला दारोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर, थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए पीएसी भी तैनात करनी पड़ी।

महिलाओं समेत 10 परिजन हिरासत में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिलाओं समेत कुल 10 परिजनों को हिरासत में ले लिया। देर रात तक अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात रहा। डीसीपी पश्चिम एम एस कासिम आबिदी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

Updated on:
12 May 2026 10:07 am
Published on:
12 May 2026 10:04 am
Also Read
View All