
Operation Trinetra CCTV Kanpur: कानपुरके अपराध नियंत्रण और घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए शहर में लगाए गए ऑपरेशन त्रिनेत्र के सीसीटीवी कैमरों को लेकर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन ने सख्त रुख अपना लिया है। अब यदि किसी थाना क्षेत्र में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कैमरे बंद या खराब मिले तो इसकी सीधी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी की होगी। पश्चिम जोन के डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने सभी थाना प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर खराब कैमरों को दुरुस्त कर चालू कराने का अल्टीमेटम दिया है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पश्चिम जोन के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भौतिक सत्यापन कराएंगे। जहां भी कैमरे खराब, बंद या तकनीकी कारणों से काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें अधिकतम एक सप्ताह के भीतर ठीक कराकर चालू कराना होगा। यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कैमरे केवल चालू ही न हों, बल्कि उनकी नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर रखरखाव भी किया जाए, ताकि भविष्य में तकनीकी खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कर उन्हें दोबारा सक्रिय किया जा सके।
डीसीपी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत आम जनता के सहयोग से बाजारों, प्रमुख चौराहों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों की मदद से पुलिस को अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और विभिन्न घटनाओं के सफल खुलासे में लगातार सहायता मिल रही है।हाल के दिनों में पुलिस को यह जानकारी मिल रही थी कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कई कैमरे खराब पड़े हैं या लंबे समय से बंद हैं। इससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी को गंभीरता से लेते हुए पश्चिम जोन में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने स्पष्ट किया है कि एक सप्ताह बाद सभी थाना क्षेत्रों में कैमरों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में कैमरे बंद मिले या उनके रखरखाव में लापरवाही सामने आई तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।