
Kanpur Crime News:कानपुर के कल्याणपुर की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने अपने ससुराल में प्रताड़ना और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी में जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं और आपत्तिजनक तरीके से छूने का प्रयास करते हैं। विरोध करने पर उसे घर से निकल जाने के लिए कहा जाता है। महिला की शिकायत पर कल्याणपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पति के घर पर नहीं होने के दौरान जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। आरोप है कि वह आपत्तिजनक तरीके से छूने का प्रयास भी करते हैं। महिला के विरोध करने पर जेठ उसे घर छोड़कर चले जाने के लिए कहते हैं। लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच तीन अक्तूबर को मामला मारपीट तक पहुंच गया।
महिला के मुताबिक, तीन अक्तूबर की दोपहर करीब दो बजे वह घर पर थी। इसी दौरान जेठ ने बिना किसी बात के उस पर जूता फेंककर मार दिया। महिला ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद सास, ससुर और जेठानी ने भी उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने पुलिस को बताया कि अचानक हुए विवाद और मारपीट से वह परेशान हो गई।
मारपीट के दौरान महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के पहुंचने के बाद आरोपितों ने महिला से घर छोड़कर चले जाने को कहा। आरोप है कि घर से नहीं जाने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर आरोपित ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
महिला की तहरीर के आधार पर कल्याणपुर पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट, गालीगलौज और धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।