कानपुर

Kanpur किडनी कांड: डॉक्टर रोहित गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था—अब खुलेंगे बड़े राज!

Kanpur kidney racket:कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा हुआ है। 25 हजार का इनामी फर्जी डॉक्टर रोहित गिरफ्तार हो गया है। अब तक 9 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

2 min read
Apr 13, 2026
आरोपी डॉक्टर रोहित गिरफ्तारी

कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में 25 हजार रुपये के इनामी फरार डॉक्टर रोहित को रावतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

मामले की शुरुआत 31 मार्च को हुई, जब मसवानपुर स्थित आहूजा अस्पताल में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पनकी और कल्याणपुर के अन्य अस्पतालों में भी कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें

Kanpur ट्रैफिक अलर्ट: अंबेडकर जयंती पर बदलेंगे रूट, इन रास्तों पर रहेगी पूरी पाबंदी

इस दौरान प्रिया अस्पताल में छापेमारी के दौरान पारुल तोमर नाम की महिला भर्ती मिली, जिन्हें ट्रांसप्लांट के जरिए किडनी लगाई गई थी। वहीं, कल्याणपुर स्थित मेड लाइफ अस्पताल में बिहार के बेगूसराय निवासी आयुष चौधरी भर्ती मिला, जिसने अपनी किडनी पारुल को दी थी। इस मामले में रावतपुर थाने के दारोगा मुकेश कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आहूजा अस्पताल की संचालक डॉ. प्रीति आहूजा, उनके पति डॉ. सुरजीत सिंह आहूजा, एम्बुलेंस चालक शिवम अग्रवाल समेत मेडलाइफ और प्रिया अस्पताल के संचालकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इस पूरे रैकेट के कई और सदस्यों के नाम सामने आए। इनमें गाजियाबाद के डॉ. रोहित, डॉ. वैभव मुद्गल, डॉ. अनुराग, ओटी मैनेजर अली और डॉ. अफजाल भी शामिल थे। पुलिस ने डॉक्टर रोहित, अली और डॉ. अफजाल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब रोहित की गिरफ्तारी के बाद बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लंबे समय से अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट का धंधा कर रहा था और इसके तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

Updated on:
13 Apr 2026 12:11 pm
Published on:
13 Apr 2026 12:09 pm
Also Read
View All