कानपुर

Kanpur News:NCC छात्रा की मौत,फंदे से लटका मिला शव,पिता और सौतेली मां पर आरोप

Kanpur Crime News:कानपुर कल्याणपुर में 18 वर्षीय NCC छात्रा श्रेया पाल का शव घर में फंदे से लटका मिला। ननिहाल पक्ष ने पिता-सौतेली मां पर पढ़ाई रोकने व प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू की है।

2 min read
May 10, 2026
परिजनों से बातचीत करती पुलिस

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारा सिरोही इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 18 साल की NCC छात्रा श्रेया पाल का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मामा ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पिता और सौतेली मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मूलरूप से शिवराजपुर के रहने वाले सुशील कुमार बारा सिरोही में पत्नी रुचि पाल, बेटी श्रेया, बेटे कृष्णा और तीन साल के गणेश के साथ रहते हैं। श्रेया ने इंटरमीडिएट के बाद NCC जॉइन की थी और घर पर पड़ोस के बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। सुशील की पहली पत्नी प्रियंका ने साल 2021 में फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद उन्होंने रुचि पाल से दूसरी शादी कर ली। श्रेया और कृष्णा पहली पत्नी के बच्चे थे, जबकि गणेश दूसरी पत्नी का बेटा है।

ये भी पढ़ें

Kanpur Dehat News: लोडर ने ऑटो को मारी टक्कर,पिता-बेटी की मौत,8 घायल

रोज की तरह सुशील कुमार काम पर गए थे। पत्नी रुचि बाजार गई थी और बेटा कृष्णा भी घर पर नहीं था।जब कृष्णा घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने पड़ोसी के मोबाइल से पिता को फोन किया। सूचना मिलते ही सुशील भागकर घर पहुंचे और दरवाजे के ऊपर की खाली जगह से अंदर दाखिल हुए। कमरे में जाते ही उनकी नजर फंदे से लटकी बेटी श्रेया पर पड़ी।

परिजनों के मुताबिक घबराहट में सुशील ने तुरंत फंदा काटकर बेटी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही श्रेया के मामा रवि पाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि श्रेया को घर में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मामा का कहना है कि श्रेया आगे पढ़ना चाहती थी, लेकिन घर में उसे पढ़ाई से रोका जा रहा था। इसी वजह से वह मानसिक तनाव में थी।

सूचना पर कल्याणपुर थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि जब पुलिस पहुंची तो युवती का शव कमरे में तख्त पर रखा हुआ था। पिता ने बताया कि बेटी को फंदे से लटका देखकर उन्होंने घबराहट में रस्सी काट दी थी। इंस्पेक्टर के अनुसार मृतका के मामा की तरफ से प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। अभी तक किसी पक्ष की तरफ से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Published on:
10 May 2026 09:55 am
Also Read
View All