कानपुर

डॉक्टर बनने आया था कानपुर, फंदे पर लटकी मिली NEET छात्र की शव, भाई पहुंचा तो उड़े होश

Kanpur NEET student death: कानपुर के पनकी में नीट की तैयारी कर रहे वाराणसी निवासी अमित पटेल (22) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। भाई के पहुंचने पर घटना का पता चला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

2 min read
May 05, 2026
सांकेतिक फोटो

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के विद्यार्थी नगर इलाके में किराए के कमरे में रहकर नीट की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मूलरूप से वाराणसी के मिर्जा मुराद थाना क्षेत्र के गणेशपुर बेनीपुर गांव का रहने वाला था।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर ब्रेक: 7.70 लाख उपभोक्ताओं को राहत, लोगों ने कहा—अब मिली असली सुकून की सांस

क्या है पूरा मामला

अमित बीते दो साल से पनकी के विद्यार्थी नगर में किराए पर कमरा लेकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था। उसके साथ उसका बड़ा भाई अजीत भी रहता था, जो पीएसआईटी से बीटेक फाइनल ईयर का छात्र है। करीब दो महीने पहले अजीत गांव वापस चला गया था। इसके बाद से अमित कमरे में अकेला रह रहा था।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार को अजीत कानपुर आने के लिए निकला था। रास्ते में उसने कई बार अमित को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम करीब 6 बजे जब अजीत कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। अमित का शव कुर्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।

परिजनों का हंगामा, हत्या की आशंका

शव देखकर अजीत की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पनकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इस बीच अन्य परिजन भी आ गए। उन्होंने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि अमित आत्महत्या नहीं कर सकता। किसी ने साजिश के तहत उसकी जान ली है।

दो साल से कर रहा था तैयारी

अमित के बड़े भाई अरविंद ने बताया कि अमित पढ़ने में बहुत होशियार था। डॉक्टर बनने का सपना लेकर वह कानपुर आया था। दो साल से दिन-रात मेहनत कर रहा था। परिवार को उसकी मौत की खबर से गहरा सदमा लगा है। गांव में मातम पसरा है।फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। कमरे का दरवाजा खुला होना और शव की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इंस्पेक्टर ने कहा कि अभी मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अमित का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। कॉल डिटेल और चैट खंगाली जा रही है। आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
05 May 2026 02:55 pm
Published on:
05 May 2026 02:54 pm
Also Read
View All