कानपुर

Kanpur News:गारमेंट्स दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सामान जलकर हुआ खाक

Kanpur fire:कानपुर के पीरोड बाजार में गारमेंट्स दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल ने एक घंटे में काबू पाया। धुएं में फंसे परिवार ने भागकर जान बचाई। लाखों का नुकसान हुआ।
2 min read
Mar 29, 2026
Feature image

कानपुर के पीरोड बाजार स्थित एक गारमेंट्स दुकान में रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लाखों रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और एक ही इमारत में फंसे परिवार के चार सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।

पुलिस ने बताया कि पीरोड बाजार स्थित ‘दीप गारमेंट्स’ के मीटर बॉक्स में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान के साइन बोर्ड और ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय बाजार में भीड़ होने के कारण अफरातफरी मच गई और दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकलने लगे।

घटना के दौरान उसी इमारत की दूसरी मंजिल पर रहने वाला एक परिवार धुएं के कारण फंस गया। परिवार की सदस्य आरती पांडेय अपने तीन वर्षीय पुत्र अथर्व को गोद में लेकर नीचे भागीं, जबकि उनके पति अमन पांडेय अपनी वृद्ध मां अंजू पांडेय को लेकर सुरक्षित बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीढ़ियों में धुआं भर जाने से स्थिति कुछ समय के लिए गंभीर हो गई थी।

सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में कर्नलगंज, फजलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। संकरी गलियों और भीड़ के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों में आग फैलने से रोक लिया गया। वही दुकान मालिक नवीन कुकरेजा ने बताया कि आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का माल जल गया। घटना के बाद दुकान मालिक और भवन स्वामी संजय कुमार पांडेय के बीच अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कहासुनी भी हुई। भवन स्वामी का आरोप था कि दुकान में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी।

Updated on:
29 Mar 2026 08:50 pm
Published on:
29 Mar 2026 08:50 pm