कानपुर

Kanpur News:गाड़ी निकालने को लेकर सड़क पर जमकर बवाल, लात-घूंसे चले,वीडियो वायरल

ViralVideo:कानपुर के कल्याणपुर में गाड़ी निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। एक पक्ष ने 15-20 साथी बुलाकर सड़क पर जमकर मारपीट की, जिससे जाम लग गया। वीडियो वायरल हुआ। पुलिस आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।
2 min read
Apr 10, 2026
Feature image

कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में गाड़ी निकालने को लेकर शुक्रवार रात हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पनकी रोड चौकी से महज सौ मीटर दूर दो पक्षों के बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट का नजारा देखने के लिए राहगीरों की भीड़ सड़क पर जुट गई, जिससे पनकी रोड पर जाम लग गया। इस दौरान मौके पर खड़े एक राहगीर ने वीडियो बना लिया। जो घटना के कुछ देर के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि patrika.com नहीं करता है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम पनकी रोड स्थित आवास विकास-1 तिराहे पर हुई। खुर्द निवासी शिवम और अंकित अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर पास की दुकान से सामान लेने गए थे। इसी बीच पीछे से एक बस आ गई। दोनों ने कार हटाने के लिए जैसे ही गाड़ी स्टार्ट की, तभी सामने से दूसरे पक्ष की कार आ गई।

आरोप है कि कार सवार युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और शिवम की गाड़ी की चाबी निकाल ली। इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने 15-20 साथियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी हाथापाई में बदल गई और सड़क पर ही जमकर मारपीट शुरू हो गई।

20 मिनट तक मचा रहा हंगामा

करीब 20 मिनट तक चले इस हंगामे के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मारपीट होते देख राहगीरों ने अपनी गाड़ियां सड़क पर ही रोक दीं और तमाशबीन बनकर वीडियो बनाने लगे। इससे पनकी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।

क्या बोली पुलिस

कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पनकी रोड पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक पक्ष द्वारा बताया गया कि वाहन के आपस में टकराने को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान मारपीट की घटना हुई।आवेदक से प्रार्थना पत्र प्राप्त कर प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कानून व शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Updated on:
10 Apr 2026 11:01 pm
Published on:
10 Apr 2026 11:00 pm