कानपुर

Kanpur News:ATM में लगा ‘चालाकी का जाल’, लेकिन फंस गया खुद शातिर—युवक की नजर ने खोली ठगी की पूरी कहानी!

ATM Fraud:कानपुर के कल्याणपुर में एटीएम से पैसे निकालते समय ‘प्लेट ट्रिक’ से ठगी कर रहे शातिर को युवक ने रंगे हाथ पकड़ लिया। भीड़ ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा, आरोपी से पूछताछ जारी है।

2 min read
Apr 14, 2026

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एटीएम से पैसे निकालने के दौरान हो रही ठगी का भंडाफोड़ एक जागरूक युवक ने कर दिया। आवास विकास स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में शातिर युवक ‘प्लेट ट्रिक’ लगाकर लोगों के पैसे उड़ा रहा था, लेकिन इस बार उसकी चालाकी उस पर ही भारी पड़ गई।

आवास विकास निवासी शिक्षक अमित कुमार यादव, जो बिल्हौर में तैनात हैं, मंगलवार को पनकी रोड स्थित इंडियन बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने एटीएम में कार्ड डालकर पिन डाला, उनके खाते से 1000 रुपये कटने का मैसेज तो आ गया, लेकिन मशीन से पैसे बाहर नहीं निकले। काफी देर तक कोशिश करने के बाद वह तकनीकी खराबी समझकर वापस लौट गए।

ये भी पढ़ें

Hamirpur News: जनसेवा केंद्र संचालक ने लगाई फांसी, तीन दिन पहले ही घर आई थी खुशियां

लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब कुछ देर बाद वह दोबारा उसी एटीएम पर पहुंचे। इस बार उन्होंने देखा कि एक युवक मशीन के साथ छेड़छाड़ कर रहा है और ‘प्लेट’ लगाकर पैसे निकाल रहा है। शक होते ही अमित ने तुरंत युवक को पकड़ लिया। खुद को फंसता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुधीर कुमार गौतम, निवासी ग्राम बैरी, थाना रूरा, कानपुर देहात बताया। पुलिस ने उसकी तलाशी में टेप, फेवीक्विक, चाकू और 1000 रुपये बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने यह तरीका अपने दोस्त विकास से सीखा, जिसने उसे यूट्यूब के जरिए यह ट्रिक सिखाई थी। वह पहले भी कई जगह इस तरीके से लोगों के पैसे निकाल चुका है। आरोपी ने यह भी बताया कि वह सुबह 10 बजे से पहले ही वारदात को अंजाम देता था, ताकि बैंक खुलने से पहले सीसीटीवी की निगरानी से बच सके।

कल्याणपुर के प्रभारी निरीक्षक ट्रेनी आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Updated on:
14 Apr 2026 05:00 pm
Published on:
14 Apr 2026 03:52 pm
Also Read
View All