Kanpur Crime News:पनकी में फैक्ट्री जा रहे 22 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक किनारे मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में घर से फैक्ट्री जाने के लिए निकले 22 वर्षीय युवक का शव दादानगर रेलवे लाइन के किनारे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फैक्ट्री में करता था नौकरी -
मृतक की पहचान पनकी बहादुरनगर निवासी कृष्णा के रूप में हुई है। वह पनकी स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। परिवार में मां सुनीता, दो भाई रामजी और श्यामजी तथा एक शादीशुदा बहन कामिनी हैं। परिजनों के मुताबिक, कृष्णा मंगलवार को बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर मां ने फोन किया तो उसने नाइट ड्यूटी होने की बात कही।सुबह जब कृष्णा घर नहीं पहुंचा तो मां ने फिर फोन किया, लेकिन इस बार उसका मोबाइल बंद मिला।
हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे गया है फेक-
परिजनों ने पहले यह मानकर इंतजार किया कि मोबाइल चार्ज न होने के कारण बंद होगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उसके घर न आने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की।रात में खोजबीन के दौरान परिजन एलएमएल चौकी पहुंचे। यहां चौकी इंचार्ज ने दादानगर रेलवे लाइन के किनारे मिले एक अज्ञात युवक के शव की फोटो दिखाई। फोटो देखते ही भाइयों ने शव की पहचान कृष्णा के रूप में कर ली। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन फूट-फूट कर रोने लगे।परिजनों का कहना है कि कृष्णा का मोबाइल फोन और बाइक अब तक बरामद नहीं हुई है। उन्होंने किसी भी प्रकार की रंजिश या विवाद से इनकार करते हुए आशंका जताई कि कृष्णा की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया गया। उनका आरोप है कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।
क्या बोले थाना प्रभारी -
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।