कानपुर

Kanpur News:सीयूजी पर आई चीख भरी कॉल, पुलिस ने तोड़ दिया दरवाजा और बचाई जान

Kanpur Rescue Incident:कल्याणपुर में महिला के आत्महत्या प्रयास की सूचना पर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने तुरंत पुलिस भेजी। दरवाजा तोड़कर पुलिस ने फंदे से उतारा। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाकर महिला की जान बचाई गई, परिजनों में तनाव की स्थिति थी।

2 min read
May 10, 2026
सांकेतिक फोटो

कानपुर के कल्याणपुर थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर पर रविवार दोपहर एक महिला का रोते हुए फोन आया—“जल्दी आ जाइए… रिया फांसी पर लटक गई है।” सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा। पुलिस जब बारासिरोही स्थित घर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर घुसी और फंदे से लटकी महिला को नीचे उतारा। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ मिनट की देरी भी जानलेवा साबित हो सकती थी।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:42 दिन से बंद था गंगा रेलवे पुल, अब फिर पटरी पर लौटेगी ट्रेनों की रफ्तार,जानिए तारीख

बच्चे की मौत के बाद तनाव में रहने लगी थी रिया

परिवार के मुताबिक रिया कमल के बच्चे की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। पति अरविंद कमल निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में मां शकुंतला और बड़े भाई सुनील कमल भी रहते हैं। पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार देर रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रिया बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। परिवार पूरी रात उसकी तलाश करता रहा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

राहगीर के फोन से पति को किया कॉल

रविवार सुबह रिया ने एक राहगीर के मोबाइल फोन से पति अरविंद को कॉल किया। उसने बताया कि वह रास्ता भटक गई है। इसके बाद पति उसे घर वापस लेकर आया। घर लौटने के कुछ समय बाद फिर माहौल बिगड़ गया। दोपहर करीब एक बजे रिया ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार को शक हुआ। इसी दौरान जेठ सुनील कमल की नजर कमरे के अंदर गई तो वह सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

दरवाजा तोड़कर बचाई गई महिला की जान

सूचना मिलते समय थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पनकी रोड चौकी पर वीआईपी मूवमेंट ड्यूटी में मौजूद थे। उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने पहुंचते ही बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा और फंदा काटकर महिला को नीचे उतारा। हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि कॉल करने वाली महिला बेहद घबराई हुई थी और लगातार रोते हुए मदद मांग रही थी। पुलिस की तेजी से कार्रवाई होने के कारण महिला की जान बचाई जा सकी।

Published on:
10 May 2026 05:39 pm
Also Read
View All