कानपुर

Kanpur News:पंचायत भवन के पीछे फंदे पर लटका मिला युवक का शव, परिजन बोले- हुई है हत्या

Kanpur Crime News: सचेंडी क्षेत्र में गज्जापुरवा गांव के बाहर नीम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव फंदे पर मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।

2 min read
Feb 23, 2026

कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के गज्जापुरवा गांव के बाहर एक युवक का शव नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से निकले ग्रामीणों की नजर जब शव पर पड़ी तो अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य संकलन के साथ जांच शुरू कर दी। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

नीम के पेड़ पर मिला शव -

जानकारी के अनुसार, कानपुर के सचेंडी क्षेत्र स्थित गज्जापुरवा गांव के बाहर पंचायत भवन और बारातशाला के पीछे लगे नीम के पेड़ पर 20 वर्षीय विकास का शव लटका मिला। मृतक गज्जापुरवा का ही निवासी था। सुबह शव दिखते ही गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां सुनीता बदहवास हो गई।परिजनों के मुताबिक, विकास ने वर्ष 2024 में इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी, लेकिन वह उत्तीर्ण नहीं हो सका था। इसके बाद वह खेती-किसानी के काम में हाथ बंटाने लगा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पिता शिवप्रताप हरियाणा में किसी आश्रम में साधु के रूप में रहते हैं। विकास पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था और परिवार में उसकी अहम भूमिका थी।

आत्महत्या नहीं है हत्या -

परिजनों के ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां की परिस्थितियां आत्महत्या से मेल नहीं खातीं। इसी आधार पर पुलिस और फोरेंसिक टीम सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव -

इस संबंध में इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
23 Feb 2026 12:22 pm
Published on:
23 Feb 2026 12:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर